{"vars":{"id": "123258:4912"}}

दमकल कर्मियों की अनदेखी और लंबित मांगों पर भडक़ा सकसं, एक मई को महाप्रदर्शन का ऐलान

 

भिवानी

स्थानीय बड़ चौक स्थित सर्व कर्मचारी संघ के कार्यालय में बुधवार को सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव धर्मबीर भाटी द्वारा किया गया, जिसमें जिले के सभी ब्लॉक प्रधान, सचिव और विभागीय यूनियनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की।

बैठक में मुख्य रूप से फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की जारी हड़ताल, एक मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की तैयारियों और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गहन मंथन कर आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
     मीटिंग को संबोधित करते हुए जिला प्रधान सुमेर आर्य ने बताया कि 8 अप्रैल से फायर ब्रिगेड कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगें मानने के बजाय सरकार रोडवेज ड्राइवरों और होम गार्ड के जवानों से जबरन काम ले रही है।

आर्य ने कहा कि रोडवेज ड्राइवरों और होम गार्ड्स को दमकल की गाडिय़ां चलाने और आग बुझाने का कोई अनुभव या ट्रेनिंग नहीं है। भीषण गर्मी के कारण आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में सरकार ना केवल जानमाल के नुकसान का जोखिम उठा रही है, बल्कि इन वालंटियर्स की जान को भी खतरे में डाल रही है।
     उन्होंने कहा कि संघ की मुख्य मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद कर्मचारियों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, मृत कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देनने, कर्मचारियों को जोखिम भत्ता, वर्दी भत्ता और सभी आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाने की है।
     इस मौके पर राज्य सचिव अशोक पिलानिया ने बैठक में घोषणा की कि एक मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर स्थानीय नेहरू पार्क में कर्मचारी एकजुट होकर विशाल प्रदर्शन करेंगे।

इस प्रदर्शन के बढ़ाए गए काम के घंटों को वापस लेना और लेबर कोड बिल रद्द करने, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 25 व 31 दिसंबर 2025 के निर्णयों को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और पुरानी पेंशन बहाल करने, आठवें वेतन आयोग का अलग से गठन और 18 महीने का बकाया भत्ता जारी करने की मांग उठाई जाएगी।

जिला सचिव धर्मबीर भाटी ने स्पष्ट किया कि एक और दो मई को नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा की जाने वाली काम बंद हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ का पूर्ण समर्थन रहेगा। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते मांगें नहीं मानीं, तो सरकार को आगामी चुनावों और आंदोलनों में इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
    इस अवसर पर बैठक में सूरजभान जटासरा वरिष्ठ उप प्रधान, शैलेंद्र पटवारी सहसचिव, पूर्व ब्लॉक प्रधान सुशील कुमार आलमपुर, अशोक कुमार गोयत, राजेश दुलेहड़ी, चांदराम, नीरज, संजय बहल, सुरेश भारद्वाज और परवीन सहित कई दिग्गज नेताओं ने अपने विचार रखे और एकजुटता का आह्वान किया।