भिवानी-जींद रोड़ पर अवैध कॉलोनी से तोड़ा निर्माण कार्य
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जिला नगर योजनाकार विभाग ने शहरी क्षेत्र भिवानी के नियंत्रित क्षेत्र मौजा तिगड़ाना में भिवानी-जींद रोड़ पर बन रही एक अवैध कॉलोनी के खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस दौरान विभाग द्वारा जेसीबी से निर्माण कार्य को तोड़ा गया।
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहायक श्रमायुक्त मनीश कुमार की मौजूदगी में पुलिस टीम के साथ मौजा तिगड़ाना में भिवानी-जींद रोड़ पर अवैध कॉलोनी में किए गए निर्माण को हटाया।
इस दौरान कॉलोनी में बाहरी चारदीवारी को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया। जिला नगर योजनाकार नैन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों में प्रॉपर्टी डीलिंग करना, प्लॉट खरीदना या बेचना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही नियमित एवं अनुमोदित सडक़ों की हरित पट्टी में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण कार्य न करने की भी हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों और निर्माण के खिलाफ इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें।