करनाल में खट्टर ने विपक्ष पर साधा निशाना
करनाल में आयोजित राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा पहुंचे।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद मनोहर लाल करनाल के रेलवे स्टेशन पहुंचे, यहां से ट्रेन पकड़कर वह दिल्ली की तरफ रवाना हो गए।
मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस बार संसद का सत्र विपक्ष ने चलने नहीं दिया। विपक्ष ने वही मुद्दे उठाए, जो उनके ही समय के हैं और जिन्हें वे खुद अच्छी तरह समझते हैं। इसके बावजूद उन्होंने संसद में लगातार व्यवधान डाले रखा। जनता ऐसे विपक्ष को सबक सिखाएगी।
मनीषा हत्याकांड के सवाल पर खट्टर ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि जैसे पोस्टमॉर्टम और जांच होनी चाहिए थी, वैसे कदम उठाए गए। परिवार की संतुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम तीन बार कराया गया। हरियाणा पुलिस जांच कर रही थी, लेकिन परिवार की मांग पर सरकार ने सीबीआई जांच के लिए भी हामी भर दी। खट्टर ने साफ कहा कि यदि कोई आरोपी सामने आएगा तो वह लोकल ही होगा। उन्होंने दोहराया कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले में सरकार पूरी तरह सक्रिय है और जांच में किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। लेकिन विपक्ष इस पर राजनीति कर रहा है, जबकि सरकार निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रयासरत है।