अग्निवीर भर्ती के फिजिकल टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी, 2 सितंबर से भिवानी में होगी भर्ती रैली
अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना भर्ती रैली के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। 2 से 15 सितंबर तक भिवानी के भीम स्टेडियम में फिजिकल टेस्ट होगा। पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी ने फिजिकल टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। भर्ती रैली 2 से 15 सितंबर तक भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित होगी।
भर्ती निदेशक कर्नल के. संदीप ने बताया कि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी के अभ्यर्थी जॉइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। फिजिकल टेस्ट में 1600 मीटर दौड़, चिन-अप, 9 फीट गड्ढा पार करना और जिग-जैग बैलेंस जैसी परीक्षाएं होंगी। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज साथ लाने होंगे।भर्ती निदेशक ने कहा कि यदि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से किसी भी बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क, पारदर्शी और योग्यता आधारित है।