{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी पहुंचे इनेलो अभय सिंह चौटाला, वासुदेव शर्मा की हुई घर वापसी 

 

भिवानी :

इनेलो पार्टी ने हरियाणा में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए एक बार फिर कमर कस ली है। इसी कड़ी में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला मंगलवार को स्थानीय बड़ चौक स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय संगठन उमेद लोहान भी मौजूद रहे। भिवानी पहुंचने पर जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु ने इनेलो नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए जोर-शोर से अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा ने फिर से इनेलो में घर वापसी की। चौ. अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा ने डा. शर्मा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। डा. वासुदेव शर्मा का पार्टी में लौटना इनेलो के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो आगामी चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को और बल देगा।
     कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने पत्रकारों से हरियाणा की मौजूदा राजनीति पर विस्तृत बातचीत की और सत्ताधारी दल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

प्रदेश पर साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है, लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की ताकत कमजोर हुई है और प्रदेश का पैसा लुटेरे अपनी जेबों में डाल गए हैं। चौटाला ने कहा कि किसान और मजदूर समेत प्रदेश का हर वर्ग दुखी और त्रस्त है।

सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान बुरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, जिस कारण गांव के गांव खाली हो रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस में मिलीभगत है। ये दोनों दल सिर्फ सत्ता हथियाने की राजनीति करते हैं, इन्हें प्रदेश के लोगों के हितों की कोई चिंता नहीं है।
     एसवाईएल के मुद्दे पर बोलते हुए इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस दोनों की ही इच्छाशक्ति हरियाणा में एसवाईएल का पानी लाने की नही है। क्योंकि ये दोनों राष्ट्रीय दल है, ऐसे में ये पंजाब की जनता को नाराज नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में एसवाईएल का पानी केवल इनेलो ही ला सकती है।

वही प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चौटाला ने कहा कि जिस प्रकार से अब डीजीपी ओपी सिंह के निर्देशों पर धड़ाधड़ गिरफ्तारियां की जा रही है, यह कार्य पहले क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी 11 साल प्रदेश में भाजपा की सरकार रही है तथा इन 11 वर्षो के दौरान अपराध पर अंकुश क्यो नहीं लगाया गया। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि इन बदमाशों को ना पकड़े जाने के पीछे पुलिस पर आखिर किस प्रकार का दबाव था।
     इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर कांग्रेस पार्टी को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस नेता बिहार चुनाव में लोकल मुद्दों को भूलकर सिर्फ वोट चोरी का आरोप लगाते रहे। वे आरोप लगाने के साथ संघर्ष का रास्ता अपनाते तथा चुनाव का बहिष्कार करते।

उन्होंने साफ किया कि एक तरफ तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट चोरी की बात करते है, दूसरी तरफ वोट चोरी के विश्वास के विपरीत चुनाव भी लड़ते हैद्व दोनों बातें चलने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि अपनी इन्ही दोगली हरकतों के कारण कांग्रेस निकट भविष्य में ही राष्ट्रीय  दल से सिकुडक़र मात्र क्षेत्रीय दल रह जाएगी।
     चौ. अभय सिंह चौटाला ने दावा किया कि आगामी चुनावों में इनेलो प्रदेश में अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो ही हरियाणा के विकास को पटरी पर लाने और चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने वाली एकमात्र पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डा. वासुदेव शर्मा जैसे अनुभवी नेताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करें और जनता के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करें।
     इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु, जसबीर ढि़ल्लो, सत्यवान शास्त्री, रणवीर मंदौला, धर्मपाल ओबरा, सूबे सिंह अटेला, पूर्ण जांगड़ा, डा. मंजीत ढुल, अशोक कड़वासरा, इंद्र सिंह ढुल, मा. नरेंद्र वर्मा, सुभाष धानक, दीपक वाल्मीकि, सुभाष धानक, राहुल वाल्मीकि, बजरंग शर्मा, जगराम साहब, दिलबाग चेयरमैन, जितेंद्र मिनी गौरीपुर, भूप सिंह बैराण, अनिल, अधिवक्ता संजय, सुनील लांबा, अनिल काठपालिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।