{"vars":{"id": "123258:4912"}}

महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भिवानी में इनेलो का हल्ला बोल
 

पुरूष व युवा कार्यकर्ताओं के साथ भारी तादात में महिलाओं ने भी लिया इनेलो के प्रदर्शन में हिस्सा
 
 

भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इनेलो ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह धंसी : डा. वासुदेव शर्मा
खोखले वादों से जनता की आंखों में धूल नहीं झोंक सकती भाजपा : अशोक ढाणीमाहु
कांग्रेस बैठी भाजपा की गोद में, विपक्ष की भूमिका निभा रही है इनेलो : इनेलो


भिवानी, 01 जून : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत इनेलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला एवं प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा के निर्देशानुसार सोमवार को भिवानी में इनेलो द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इनेलो नेताओं ने भाजपा शासनकाल में बेतहाशा बढ़ती महंगाई, आसमान छूती बेरोजगारी और चरमराती कानून-व्यवस्था के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा के कुशल नेतृत्व तथा इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सडक़ों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। प्रदर्शन में पुरूष व युवा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ महिलाओं की भी खासी भागीदारी देखने को मिली, जो कि अपने हाथों में सरकार विरोधी बैनर-पट्टी लेकर सडक़ों पर उतरे थे। प्रदर्शन के बाद इनेलो नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा      ईंधन कीमतों में कटौती, रसोई गैस पर राहत, बिजली और पानी का संकट के समाधान, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाने और प्रदेश में कानून का राज स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
     प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन डा. वासुदेव शर्मा ने सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह धंस चुकी है। वर्तमान सरकार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है और पूंजीपतियों व ठेकेदारों के एजेंट के रूप में काम कर रही है। हालही में करीबन दो सप्ताह के अंतराल में जिस तरह चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, उसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, बिजली के भारी-भरकम बिलों के साथ बेतहाशा अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में इंसानों को तो छोडि़ए, पशुओं के लिए भी पीने के पानी की भारी किल्लत पैदा हो गई है। यह सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और इस असफल एवं भ्रष्ट सरकार से जनता को मुक्ति दिलाना ही इनेलो का मुख्य संकल्प है।
     वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु ने उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने का अपना दायित्व भूल चुकी है तथा भाजपा की गोद में बैठ चुकी है तथा इनेलो ही विपक्ष की भूमिका निभाकर जनहित के मुद्दे उठा रही है। वही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक स्तर पर महंगाई बढऩे का बहाना बनाते हुए देश की जनता को महंगाई की खाई में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का कहर इस कदर बढ़ गया है कि युवा अवसाद की स्थिति में हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच गया है।
       युवा प्रदेश महासचिव बंटी तंवर, युवा जिला अध्यक्ष संदीप घणघस, सरोज श्योराण व इंद्र परुमार ने कहा कि यह सरकार किसानों, मजदूरों, युवाओं और छोटे व्यापारियों की सबसे बड़ी दुश्मन बनकर उभरी है। लोग अब इस महंगाई की आग, बेरोजगारी के कहर और भ्रष्टाचार के राज में पल-पल मर रहे हैं। बीजेपी सरकार अब झूठे वादे करके हरियाणा की जनता की आंखों में धूल नहीं झोंक सकती। इनेलो पार्टी जमीनी स्तर पर संघर्ष करेगी और जनता को इस दमनकारी और लुटेरी व्यवस्था से मुक्ति दिलाएगी।