सीबीएलयू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर इनसो ने किया प्रदर्शन
भिवानी:
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में है। छात्र संगठन इनसो ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों के गंभीर आरोप लगाते हुए हरियाणा के महामहिम राज्यपाल को एक कड़ा पत्र लिखा है।
इनसो का आरोप है कि विश्वविद्यालय अब शिक्षा का मंदिर न रहकर शिक्षा की मंडी बन चुका है, जहां डिग्रियां और पास होने के प्रमाण पत्र बेचे जा रहे हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक छात्रा ने अनुचित तरीके से (रिश्वत देकर) परीक्षा उत्तीर्ण की। जब मामला तूल पकडऩे लगा, तो प्रशासन ने कथित तौर पर बड़े अधिकारियों को बचाने के लिए चार कच्चे कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। इसके विरोध में मंगलवार को इनसो छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया तथा कुलसचिव के माध्यम से राज्यपाल के नाम मांगपत्र सौंपा।
इस मौके पर इनसो छात्र नेता जयदीप ग्रेवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्र अपने रिजल्ट और डीएमसी के लिए महीनों भटकते रहते हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। दूसरी ओर पैसों के दम पर बैकडोर एंट्री और रिजल्ट सुधरवाने का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। प्रशासन ने छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाकर अपनी खाल बचाने की कोशिश की है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि पर्दे के पीछे बैठे असली मगरमच्छ पकड़े जाएं। केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर गाज गिराने की नीति बंद हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही नहीं हुई, तो इनसो पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करेगा।
छात्र नेताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित नहीं होते, जिससे हज़ारों छात्रों का भविष्य अधर में लटका है। लेकिन भ्रष्टाचार के मामलों में प्रशासन की तेजी यह दर्शाती है कि यहाँ व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। इस अवसर पर जयदीप ग्रेवाल, मोहित घणघस, शिव, नित्या चौधरी, महक मदान, ज्योति, हर्ष, नितिश, कमल, रवि सहित अन्य छात्र नेता मौजूद रहे।