बर्डी बैडमिंटन अकादमी में इंटर एकेडमी बैडमिंटन चैंपिनशिप आयोजित
भिवानी :
युवाओं को खेल की भावना से जोडऩे तथा खेलों की दिशा में आगे बढक़र अपना व राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्थानीय रोहतक गेट के नजदीक बजरंग बली कॉलोनी स्थित बर्डी बैडमिंटन अकादमी का इंटर एकेडमी बैडमिंटन चैंपिनशिप का आयोजन किया गया।
इस टूर्नामेंट में जूनियर व सीनियर वर्ग में करीबन 100 खिलाडिय़ों ने भाग लिया तथा अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में जूनियर व सीनियर वर्ग के सभी विजेता प्रतिभागियों को अकादमी के संचालक व कोच महेश शर्मा द्वारा सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए अकादमी के संचालक कोच महेश शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में जूनियर वर्ग में विदित, परिक्षित, वर्धन, योग्यांश, सिद्धार्थ व तरूण की टीम प्रथम रही तथा हेमंत, हर्ष यादव, आदित्य, गगन, तपन व सिद्धार्थ की टीम द्वितीय रही। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में तनिश, कायरा व आदित्य नेहरा की टीम प्रथम तथा धीरेन, याशना व निशांत की टीम द्वितीय रही।
इस मौके पर विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए कोच महेश शर्मा ने बताया कि युवाओं के लिए जितनी जरूरी शिक्षा है, उतना ही जरूरी खेल भी है। क्योंकि खेल के माध्यम से युवाओं का ना केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक विकास भी होता है, जो कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यार्थियों में ना केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि टीम स्पिरिट की भावना भी मजबूत होती है। ऐसे में युवाओं को खेलों में जरूरी भागीदारी दिखानी चाहिए। इस अवसर पर अनेक खेलप्रेमी मौजूद रहे।
फोटो : बर्डी बैडमिंटन अकादमी में इंटर बैडमिंटन टूर्नामेंट के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते कोच महेश शर्मा।