{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Jamia University Protest: ऑनलाइन क्लासेज, बंद वॉशरूम और पुलिस हिरासत; जामिया में छात्र-प्रशासन आमने-सामने

जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन और भूख हड़ताल जारी है। कैंपस में तनाव और पुलिस कार्रवाई पर पूरी रिपोर्ट।

 

नई दिल्ली। जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले 14 दिनों से छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन उनके साथ तानाशाही रवैया अपना रहा है। बढ़ते तनाव और सुरक्षा का हवाला देते हुए एडमिनिस्ट्रेशन ने सभी ऑफलाइन कक्षाओं को ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट कर दिया है। छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने विरोध की आवाज दबाने के लिए लाइब्रेरी, कैंटीन और यहां तक कि डिपार्टमेंट के वॉशरूम और पानी-बिजली की सप्लाई तक बंद कर दी है, जिससे कैंपस में इमरजेंसी जैसे हालात बन गए हैं।

🚨 कैंपस में संदिग्ध की एंट्री और पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल: 'प्रशासन छात्रों को समझ रहा है गुंडा'

प्रदर्शनकारी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने कैंपस के अंदर भारी पुलिस बल तैनात करवा दिया है और बाहर खड़े छात्रों को जबरन डिटेन किया जा रहा है। छात्रों के मुताबिक हाल ही में कैंपस में एक संदिग्ध व्यक्ति बैग में आईटीबीपी की वर्दी के साथ पकड़ा गया, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है। छात्रों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपने हक और चुनाव बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें कुचलने की कोशिश कर रहा है। वहीं एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने और कैंपस में शांति बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।