Haryana Social News: डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य तरीके से मनाया गया जामपुर सेवा समिति का वार्षिक उत्सव
भिवानी में जामपुर सेवा समिति का वार्षिक सम्मेलन धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया।
जामपुर सेवा समिति का वार्षिक सम्मेलन भिवानी में संपन्न, समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण का संकल्प
धर्म और राष्ट्र की बलिवेदी पर सर्वस्व अर्पण करने वाले पूर्वजों का योगदान अविस्मरणीय : गोपाल कृष्ण पोपली
भिवानी, 04 अक्तूबर : स्थानीय शहर में सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों में अग्रणी रहने वाली जामपुर सेवा समिति द्वारा वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहरवासियों सहित संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं की वृहद उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। सम्मेलन का शुभारंभ शिशु भारती स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। बच्चों की कलात्मक प्रतिभा ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक संध्या के बाद सामूहिक प्रसाद वितरण एवं विभिन्न सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला संपन्न हुई। इस दौरान बच्चों को सम्मानित भी किया गया। वही दूसरी तरफ लोगों ने डांडिया नृत्य कर माहौल को मनोरंजक बनाया।
कार्यक्रम के मंच से वक्ताओं ने विभाजन के काले दौर को स्मरण करते हुए विस्थापित होकर आए पूर्वजों के अदम्य साहस, सहनी शक्ति और बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों, अत्याचारों और संघर्षों के बीच भी बुजुर्गों ने अपनी संस्कृति, धर्म और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाए रखी। समारोह को संबोधित करते हुए जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली ने कहा कि हमारे पूर्वजों का जीवन त्याग, तपस्या और निरंतर संघर्ष की एक जीवित मिसाल है। उन्होंने अपने धर्म और राष्ट्र के स्वाभिमान को सदैव सर्वोपरि माना और मातृभूमि की खातिर अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। विस्थापन की विभीषिका झेलने के बाद भी उन्होंने शून्य से नया जीवन शुरू किया और अपनी कड़ी मेहनत से समाज व राष्ट्र की उन्नति में अमूल्य योगदान दिया। उनका यह समर्पण आने वाली हर पीढ़ी के लिए प्रेरणापुंज बना रहेगा।
समिति के महासचिव विनोद मिर्ग ने संस्था की उपलब्धियों और भावी योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि जामपुर सेवा समिति केवल एक संगठन नहीं, बल्कि नर सेवा ही नारायण सेवा के सिद्धांत पर काम करने वाला परिवार है। वर्तमान में समिति द्वारा संचालित श्रीराम मंदिर, सिलाई केंद्र, अस्पताल और तीकिया सभागार जैसे प्रकल्प समाज के हर वर्ग को सीधी राहत पहुंचा रहे हैं। हमारा उद्देश्य इन सेवा प्रकल्पों का विस्तार करना है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सके।
सम्मेलन के दौरान जामपुर सेवा समिति के दिल्ली के प्रधान बौद्धराज सिकरी ने मोबाईल के माध्यम से अपना संदेश दिया तथा ऐसे आयोजन व समाजहित में जामपुर सेवा समिति द्वारा किए जा रहे कार्यो की प्रशंसा की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जामपुर सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अजय मल्होत्रा, अधिवक्ता अविनाश सरदाना, सोहनलाल मक्कड़, जवाहर मिताथलिया, दर्शन मिड्ढा, मनोहर लाल सरदाना, राजकुमार गुगलानी, राजकुमार डुडेजा, सुरेश अरोड़ा, रेणु मिर्ग, रवि खन्ना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।