{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रास्ते में मिले 15 लाख रुपये के गहने मालिक को लौटाये 

 

भिवानी के डॉ. संदीप खनगवाल ने मानवता और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। बीच रास्ते में मिले करीब 15 लाख रुपये के गहने मालिक को लौटाये 
बहल। बिधनोई गांव के डॉ. संदीप खनगवाल ने मानवता और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने बिधनोई से हरियावास गांव के बीच रास्ते में मिले करीब 15 लाख रुपये के गहने मालिक को लौटाकर न सिर्फ ईमानदारी दिखाई, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी उदाहरण पेश किया।
बरालू गांव के दलीप सिंह अपने बेटे की शादी के बाद हरियावास लौट रहे थे। दूल्हे की गाड़ी में रखे गहनों से भरा सूटकेस अचानक सड़क पर गिर गया, जिसका पता नहीं चला।

घर पहुंचने पर सूटकेस गुम होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। इस दौरान डॉ. संदीप को सड़क किनारे सूटकेस मिल गया। इसके बाद उन्होंने अपने गांव के लोगों को इस बारे में बताया।

बुधवार को बिधनोई गांव में दोनों गांव के करीब 20 लोग आए और डॉ. संदीप की ईमानदारी की प्रशंसा की। डॉ. संदीप ने असल मालिक को गहने सौंप दिए। पंचायत ने निर्णय लिया कि डॉ. संदीप खनगवाल को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा