डीघल में देर रात गोलियाँ बरसा कर अधेड़ व्यक्ति की हत्या
झज्जर 3 जून 2026
झज्जर जिले में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की 8 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना डीघल गांव की है, जहां दो युवक घर में घुसकर 52 वर्षीय जितेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों में से एक ने चेहरे पर जोकर वाला मास्क पहन रखा था। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जितेंद्र दिव्यांग था। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के तार 8 अप्रैल को हुए फाइनेंसर साहिल हत्याकांड से जुड़ते नजर आ रहे हैं। जितेंद्र साहिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी योगेश उर्फ योगी का चाचा था। योगेश फिलहाल जेल में बंद है। वहीं, जितेंद्र की हत्या का आरोप साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी पर लगा है।
जितेंद्र के भाई सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमन उर्फ बंटी पहले भी उनके परिवार को अपने भाई की हत्या का बदला लेने की धमकी दे चुका था। परिवार को आशंका थी कि उन पर कभी भी हमला हो सकता है। धमकी देने के कुछ दिन बाद ही उसने जितेंद्र की हत्या कर दी। दुजाना थाने में अमन उर्फ बंटी और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।