जींद: सिलेंडर ब्लास्ट में युवती की दर्दनाक मौत, घर जलकर राख
जींद के एक घर में गैस सिलेंडर फटने से 22 वर्षीय युवती मनीषा की मौत। आग में पूरा घर तबाह। घटना से गांव में मातम, प्रशासन ने संभाला मोर्चा।
जींद : हरियाणा के जींद जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक घर में सिलेंडर में ब्लास्ट होने से युवती की मौत हो गई है। साथ ही घर का सारा सामान जलकर आग की भेंट चढ़ गया।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान 22 वर्षीय मनीषा के रूप में हुई है। बता दें कि जब घर में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ था तब देखते ही देखते आसमान में धुएं का गुबार छा गया और पूरा घर थोड़ी ही देर में मलबे में बदल गया। इस हादसे में युवती को गंभीर हालत में तुरंत सफीदों के अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे पानीपत और फिर वहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। लेकिन युवती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग का रूप इतना भयानक था कि वे घर के अंदर फंसी युवती को नहीं बचा सके। बाद में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और सफीदों से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
हादसे के बाद परिजनों ने बताया कि मनीषा विवाह के योग्य थी और पिता उसकी शादी के लिए तैयारियां कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को बिखेर कर रख दिया है। इस हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया है और हर कोई पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।