जस्टिस सूर्यकांत CJI बने, हरियाणा में जश्न
जस्टिस सूर्यकांत ने सोमवार को देश के 53वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के रूप में शपथ ली। वह हरियाणा के ऐसे पहले व्यक्ति हैं जो CJI बने हैं।
सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस कार्यक्रम में सूर्यकांत का पूरा कुनबा शामिल हुआ।
सूर्यकांत का परिवार एक दिन पहले रविवार को दिल्ली रवाना हो गया था। उनके बड़े भाई डॉ. शिवकांत ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में तीनों भाई, उनकी पत्नियां, बच्चे, बेटी-दामाद, बहन का परिवार, गांव के लोग, उनके पिता के मित्र शामिल हुए।
हिसार में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने जस्टिस सूर्यकांत के शपथ लेने से पहले हवन कराया। इसके बाद वकील ढोल की थाप पर जमकर नाचे।
जस्टिस सूर्यकांत CJI बनने से पहले दिवाली पर हिसार में स्थित पैतृक गांव पेटवाड़ आए थे। गांव में वह बिना किसी सूचना के आए और अपने पुश्तैनी मकान में ठहरे थे। उनका पूरा कुनबा आज भी गांव में रहता है। यहां उनके बचपन के दोस्त और चाचा व ताऊ के अलावा उनके बेटे व बहुएं रहती हैं।
सूर्यकांत का हिसार से गहरा नाता रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1984-85 में हिसार जिला न्यायालय में ही वकील के रूप में की थी और लगभग 6 माह तक यहां प्रैक्टिस की थी। हिसार के वरिष्ठ वकील स्वर्गीय आत्माराम बंसल के यहां उन्होंने जूनियर के तौर पर काम किया था।