{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल हाईवे पर बड़ा हादसा: दिल्ली-मनाली वोल्वो बस और ट्रक में भीषण भिड़ंत, 8 घायल

करनाल के तरावड़ी के पास नेशनल हाईवे पर दिल्ली से मनाली जा रही वोल्वो बस ट्रक से टकराई। हादसे में 8 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती।

 

करनाल : दिल्ली से मनाली जा रही एक बस हरियाणा के करनाल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कम से कम आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात को हुई। दिल्ली-मनाली जा रही वोल्वो बस एक ट्रक से टकरा गई जिसके बाद ट्रक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। यात्रियों से भरी बस चंडीगढ़ होते हुए मनाली जा रही थी, तभी तरावड़ी के पास राजमार्ग पर यह हादसा हुआ। सहायक पुलिस सब-इंस्पेक्टर सुभाष ने दुर्घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मारी। 

उन्होंने कहा, ''इसके बाद ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस हादसे में आठ से नौ लोग घायल हो गए। घायलों को तरावड़ी के सिविल अस्पताल ले जाया गया है।'' बस में सवार एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया, ''हादसे के वक्त हम सो रहे थे। हमें ठीक से पता नहीं है कि यह कैसे हुआ। कुछ यात्री घायल हुए हैं।'' पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।