{"vars":{"id": "123258:4912"}}

किरण चौधरी का कांग्रेस पर हमला: कहा- हुड्डा षड्यंत्र करने में नंबर वन हैं

किरण चौधरी ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस को घेरा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बिना नाम लिए साधा निशाना। राज्यसभा चुनाव और सीआईए विवाद पर भी दी अपनी बेबाक प्रतिक्रिया।

 

हरियाणा की पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब यह अहसास हो गया है कि उसकी नीतियों के कारण देश की महिलाओं को आरक्षण के अधिकार से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना उनका अधिकार है, लेकिन कांग्रेस ने बार-बार इस प्रक्रिया को बाधित किया।
किरण चौधरी ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक चार बार लाया गया, लेकिन हर बार कांग्रेस के कारण पारित नहीं हो सका और इस बार भी पांचवीं बार ऐसी स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में कांग्रेस सरकार विधेयक लेकर आई, लेकिन भाजपा से औपचारिक समर्थन नहीं मांगा, इसके बावजूद भाजपा ने समर्थन दिया था।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं को केवल “राजनीतिक मुखौटा” मानती है और चुनावों में उनका उपयोग करती है, जबकि संगठन में उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता।

मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं के साथ-साथ शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत की भागीदारी का हक है, लेकिन उन्हें 33 प्रतिशत आरक्षण भी नहीं मिल पा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संसद में विधेयक गिरने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने खुशी जताई।

डी-लिमिटेशन (परिसीमन) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसे महिला आरक्षण विधेयक के साथ जोड़ने का उद्देश्य प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना और महिलाओं को शीघ्र लाभ सुनिश्चित करना है। परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों में वृद्धि होगी, जिससे किसी का नुकसान नहीं बल्कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजनीति में महिलाओं को आज भी काफी संघर्ष करना पड़ता है और इसे उन्होंने स्वयं करीब से देखा है।

दुष्यंत चौटाला व सीआईए विवाद पर प्रतिक्रिया
किरण चौधरी ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक रूप नहीं दिया जाना चाहिए और जो भी कार्रवाई हो, वह कानून के अनुसार होनी चाहिए।

पंजाब के राजनीतिक हालात पर बयान
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बदलाव हो चुका है और पंजाब में भी आगामी चुनावों में जनता बदलाव का निर्णय लेगी।

राज्यसभा चुनाव व कांग्रेस विधायकों के निलंबन पर प्रतिक्रिया
किरण चौधरी ने कांग्रेस पर आंतरिक राजनीति के आरोप लगाते हुए कहा कि पांच में से दो महिला विधायकों को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे एक विशेष खेमे में नहीं थीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को विधायक दल के नेता पर कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि राज्यसभा चुनाव में इस तरह की स्थिति तीन बार सामने आ चुकी है।

बिना नाम लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “षड्यंत्र करने में वे नंबर वन हैं और मैं उन्हें भली-भांति जानती हूं।”