{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में लोको पायलट की भूख हड़ताल 

 

भिवानी के रेलवे स्टेशन पर बुधवार को लोको पायलट ने अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल की। साथ ही कहा कि उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा।

जिसके कारण वे 48 घंटे की भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे। साथ ही कहा कि वे भूखे रहकर ट्रेन चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के नेतृत्व में 2 दिसंबर से 4 दिसंबर तक 48 घंटे की भूख हड़ताल की जा रही है। इस दौरान लोको पायलट बिना भोजन किए अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इसके तहत लोको पायलटों ने भिवानी रेलवे स्टेशन पर धरना भी दिया।

ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टॉप एसोसिएशन के शाखा अध्यक्ष राधेश्याम यादव कर्मचारियों ने कहा कि मुख्य मांग है कि रेलवे के लोको पायलटों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। 7वें वेतन आयोग में कहा गया था कि महंगाई भत्ता दिया जाएगा, लेकिन अभी तक नहीं दिया गया।

उनकी मांगों में ड्यूटी के समय को अधिकतम 8 घंटे तक सीमित करना, 46 घंटे का साप्ताहिक विश्राम, लगातार केवल दो नाइट ड्यूटी, रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती और आराम की मौजूदा व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना शामिल है।

लोको पायलट ने कहा कि उन्हें न तो 16 घंटे का अनिवार्य दैनिक विश्राम मिल रहा है और न ही 30 घंटे का साप्ताहिक अवकाश। इसके बजाय, उनसे 12 से 14 घंटे तक लगातार ड्यूटी कराई जा रही है। जिससे अत्यधिक थकान के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।