Loharu Road Overbridge: डेडलाइन बीते 6 महीने हुए, काम सिर्फ 30%; लोहारू रोड ओवरब्रिज ने बढ़ाई मुश्किलें
लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज का ढाई साल में केवल 30 फीसदी ही काम हो पाया है। जिसके कारण लोग विकल्प के तौर पर अन्य रास्तों से शहर में प्रवेश करते है। ऐसे में पुल के कारण अनाज मंडी के गेट नंबर एक के पास की मार्केट में दुकानदारों का काम आधे से भी कम रहा गया है। दुकानदारों की मांग है कि जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो। जिससे उन्हें परेशानी न उठानी पड़े। दरअसल, दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709-ई पर 70 के दशक में बना 52 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज तोड़कर 42.78 करोड़ रुपये की लागत से 910 मीटर लंबा टू-लेन रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा रहा है।
पुल का निर्माण मई 2023 में शुरू हुआ था और इसे 31 अगस्त 2025 तक पूरा करना तय था। लेकिन डेड लाइन बीत जाने के छह माह बाद भी अभी तक पुल का निर्माण कार्य केवल 30 फीसदी काम ही पूरा हुआ है। वर्तमान में पुल के दोनों छोर तैयार करने का कार्य चल रहा है, टॉप सेक्शन का काम रेलवे द्वारा करना बाकी है। फिलहाल शहर की तरफ पुल के पिलर खड़े कर दिए गए हैं। जबकि अनाज मंडी की तरफ सिर्फ नाममात्र का काम ही हुआ है।