{"vars":{"id": "123258:4912"}}

लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल  वर्मा ने किया जिला कारागार निरीक्षण 
 

निरीक्षण के दौरान जेल बंदियों से बात कर जानी उनकी समस्याएं
 
 

भिवानी, 24 मई। लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल वर्मा ने रविवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर जेल बन्दियों से बात की और उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेल बंदियों को किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होनी चाहिए। जेल बंदी मानसिक प्रताड़ना का शिकार ना हों। इस दौरान जस्टिस वर्मा की धर्मपत्नी सरोज वर्मा, जेल अधीक्षक सेवा सिंह सहित कारागार के सभी अधिकारी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान जेल बंदियों ने जस्टिस हरिपाल  वर्मा के स्वागत में रागिनी प्रस्तुत की। जस्टिस वर्मा ने कारगार में डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया और चिकित्सकों से बात की। उन्होंने भंडार गृह और रोटी बनाने वाली मशीन को भी देखा। इस दौरान उन्होंने महिला जेल बंदियों से भी बात की।
उन्होंने जेल बंदियों से बातचीत करते हुए कहा कि जाने अनजाने में इंसान से कोई भी भूल हो जाती है। कारागार में आकर भूल को सुधारने का एक अवसर होता है। भूल को सुधार कर समाज की मुख्य धारा में आना चाहिए। जानबूझकर कोई भी अपराध नहीं करना चाहिए, अपराधी के लिए कानून में सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार की परेशानी है तो वे लिखित में उनको शिकायत दे सकते हैं लेकिन शिकायत में सच्चाई होनी चाहिए। गलत शिकायत पर भी कार्रवाई होना लाजमी है। 
निरीक्षण के दौरान लोकायुक्त जस्टिस वर्मा ने जेल परिसर में आम का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया उन्होंने कहा कि हर इंसान को पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देना होगा।
जेल के निरीक्षण से पहले लोक निर्माण विश्राम गृह में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने जस्टिस वर्मा का स्वागत किया।