Maharaja Agrasen Seva Kendra: भिवानी में मानवता की अनूठी मिसाल, स्लम बस्तियों में नि:शुल्क बांटे जा रहे कपड़े
भिवानी के लोहड़ बाजार में श्री अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा संचालित महाराजा अग्रसेन वस्त्र सेवा केंद्र के माध्यम से जरूरतमंदों को नि:शुल्क वस्त्र और जूते वितरित किए जा रहे हैं।
छोटी काशी भिवानी में सेवा की पहल : जरूरतमंदों का सहारा बना महाराजा अग्रसेन वस्त्र सेवा केंद्र
अग्रसेन वस्त्र सेवा केंद्र जरूरतमंदों का सहारा, 2200 से अधिक वस्त्र-जूते किए वितरित : रमेश बंसल
भिवानी, 08 अक्तूबर : सामाजिक सरोकार और नर सेवा को नारायण सेवा मानने की भावना के साथ श्री अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा स्थानीय लोहड़ बाजार में संचालित महाराजा अग्रसेन वस्त्र सेवा केंद्र समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बनकर उभर रहा है। केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क वस्त्र एवं जूते उपलब्ध करवाने का सेवा अभियान निरंतर अपनी सफलता के नए आयाम गढ़ रहा है। वस्त्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सेवा केंद्र के प्रभारी रमेश बंसल एवं सह-प्रभारी नथूराम केडिया ने इस अभियान के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गत 5 अगस्त को इस सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया था। शुरुआत से लेकर अब तक शहर के दानवीरों एवं आमजनों द्वारा लगभग 2200 वस्त्र एवं जूते केंद्र को भेंट किए जा चुके हैं। इनमें से सैकड़ों वस्त्र एवं जूते जरूरतमंद परिवारों को पूरी मर्यादा के साथ नि:शुल्क वितरित किए जा चुके हैं।
रमेश बंसल एवं नथूराम केडिया ने बताया कि सेवा केंद्र की टीम सप्ताह में तीन से चार दिन शहर की विभिन्न स्लम बस्तियों एवं मजदूर बस्तियों में जाकर सुबह के समय वस्त्र और साडिय़ां वितरित करती है। केंद्र पर प्रतिदिन जनसहयोग का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है, जहाँ रोजाना लगभग 8 से 10 नागरिक अपने घरों से नए-पुराने तथा अतिरिक्त वस्त्र व अन्य उपयोगी सामान जमा कराने आते हैं। दूसरी ओर, प्रतिदिन दर्जनों महिलाएं एवं बच्चे केंद्र पर पहुंचकर अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुसार वस्त्र एवं जूते प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा केंद्र के प्रबंधकों ने समाज के प्रबुद्ध एवं दानशील नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों में रखे अतिरिक्त, नए अथवा अच्छी स्थिति के पुराने कपड़े, जूते व अन्य उपयोगी सामग्री केंद्र में दान करें। नागरिकों का यह छोटा सा सहयोग किसी गरीब परिवार के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है और इस पुनीत अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान कर सकता है। इस अवसर पर बैजनाथ जैन, अनिल बंसल, रामगोपाल गौतम, प्रवीण अग्रवाल, रामप्यारी, शिव कुमार, कल्याण विमल, पुरुषोत्तम गर्ग, रुक्मिणी देवी, अनीता एवं महेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और उन्होंने भी इस अभियान में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प दोहराया।