वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर भिवानी में भव्य आयोजन
महाराणा प्रताप की वीरगाथा सदियों तक करती रहेगी प्रेरित : नेत्रपाल भिवानी
भिवानी, 09 मई : वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को स्थानीय महाराणा प्रताप चौक हांसी गेट पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन सर्व समाज भिवानी द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता नेत्रपाल भिवानी एवं उनके साथियों ने किया। कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से मालाओं, चुनरियों एवं रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप में सजाया गया था। सुबह से ही महाराणा प्रताप चौक पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का पहुंचना शुरू हो गया था। सबसे पहले वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही महाराणा प्रताप के प्रिय अश्व चेतक की प्रतिमा को भी मालाओं से सजाकर सम्मान प्रकट किया गया। पूरे वातावरण में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप अमर रहे और जय राजपूताना के जयघोष गूंजते रहे, जिससे माहौल राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना से भर गया।
आयोजकों ने कहा कि कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान के प्रतीक हैं, जिनकी वीरगाथा सदियों तक आने वाली पीढिय़ों को प्रेरित करती रहेगी। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर महाराणा प्रताप के आदर्शों को याद किया। भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद के प्रतिनिधि के रूप में चौधरी मोहित ने कार्यक्रम में पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं भिवानी नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे राहुल राणा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए महाराणा प्रताप के संघर्ष और बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, भाजपा नेत्री मीना परमार, प्रधान बृजपाल सिंह, कांग्रेस वरिष्ठ नेता श्री नरेश तंवर पालूवास, करनी सेना प्रदेश सचिव सुभाष शेखावत, नवदुर्गा सेवा संस्थान के प्रधान सुरेश सैनी तथा आईवीओ जिला अध्यक्ष कैप्टन सुरेश तंवर, महाराणा प्रताप सेना प्रवीण तंवर, सुरेंद्र सिंह तंवर सैय, वेटरन जयपाल सिंह चौहान, पूर्व प्रधान वेदपाल परमार, खाप प्रधान समय सिंह परमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए समाज को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।