{"vars":{"id": "123258:4912"}}

 स्वतंत्रता दिवस पर शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों का करवाया जाए सौंदर्यकरण: डीसी 

 

भिवानी।  

डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि स्थानीय भीम खेल परिसर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों को फूल-मालाओं व रंग-बिरंगी लाईटों से सजाया जाए। स्वतंत्रता दिवस पर शहर की भव्यता व रौनकता देखते ही बननी चाहिए।

उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीसी गुप्ता मंगलवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर स्थानीय डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख संपर्क मार्ग पर शानदार प्रवेश द्वार बनाए जाएं ताकि आगंतुकों को शहर की सुंदरता अलग ही नजर आए। एसडीएम भिवानी को समारोह का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर सुबह 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा तथा 9:00 बजे राष्ट्रगान की धुन के साथ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। परेड निरीक्षण के बाद मुख्य अतिथि अपना संबोधन देंगे। उसके बाद मार्च पास्ट की टुकडियां राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए मंच के सामने से गुजरेंगी। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को समारोह की फुलड्रेस अंतिम रिहर्सल होगी।
डीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समारोह का समापन राष्ट्रगान से होगा, जिसकी प्रस्तुति छात्राओं द्वारा की जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ राष्ट्रगान की तैयारी अभी से करवाना सुनिश्चित करें। समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति व देश की संस्कृति से ओतप्रोत हों।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह में शामिल सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति के अलावा देश के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति की झलक दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूलों को ही समारोह में शामिल किया जाए। इसी प्रकार से डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि परेड की टुकडिय़ों की कदम-ताल सही होनी चाहिए।
डीसी ने नगर परिषद को समारोह स्थल के अलावा प्रमुख चौराहों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को समारोह स्थल पर मुख्य मंच के सामने शानदार रंगोली बनाने, लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को समारोह में व्यवस्था प्रबंधन के लिए जरूरी स्थानों पर बैरीगेटिंग लगाने एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समारोह के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। समारोह के दौरान जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि के हाथों स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी।
वहीं दूसरी ओर डीसी ने बताया कि निष्ठावान अधिकारियों व कर्मचारियों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने कार्यालयों से 10 अगस्त से पहले तक अधिकारियों व कर्मचारियों की इस वर्ष की नवीनतम उपलब्धियों के साथ उपायुक्त कार्यालय में नाम भिजवाना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात किसी भी नाम की सिफारिश पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
सौंदर्यकरण के लिए अलग-अलग विभागों को सौपी जिम्मेवारी
ऑटो मार्केट के नजदीक देवीलाल चौक का मार्केट कमेटी द्वारा सौंदर्यकरण करवाया जाएगा। इसी प्रकार से लोहारू रोड़ आरओबी के पास बाबा महताब दास चौक का जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा, महाराजा अजीमगढ़ चौक का सिंचाई विभाग द्वारा, महाराजा अग्रसेन चौक का नगर परिषद द्वारा, महम गेट पर भगवान परशुराम चौक का रेड क्रॉस द्वारा, पंचायत भवन के पास चंद्रशेखर आजाद चौक का जिला परिषद द्वारा, सेक्टर 13 और 23 के शहीद भगत सिंह चौक का हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा, शिक्षा बोर्ड के पास सर छोटू राम चौक का शिक्षा बोर्ड द्वारा, महाराणा प्रताप चौक का नगर परिषद द्वारा, पंडित नेकीराम शर्मा चौक का स्वास्थ्य विभाग द्वारा, लाला लाजपत राय चौक को लोक निर्माण विभाग द्वारा, महाराजा नीम सिंह दिनोद गेट का जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा और देवसर चुंगी के पास भगवान वाल्मीकि चौक का दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा।

इसके अलावा रोहतक गेट, महम रोड़ पर, हिसार रोड़ पर, भीम स्टेडिय, हांसी गेट व रेस्ट हाऊस के पास स्वागत द्वार भी बनाए जाएंगे।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, उप पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ. बलवान सिंह, डीडीपीओ आशीष मान, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, जिला शिक्षा अधिकाकारी निर्मल दहिया, खाद्य आपूर्ति नियंत्रिक अनिल कालड़ा, इओ नप राजा राम, जिला खेल अधिकारी सतेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।