भिवानी में व्यक्ति के 16 लाख रुपए हड़पे
भिवानी के गांव देवसर निवासी एक व्यक्ति से 16 लाख 30 हजार 378 रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पहले गांव के ही व्यक्ति ने अच्छी ब्याज दर से मोटे मुनाफे का झांसा दिया।
इसके बाद 5 एफडी करवाई। जब पैसे मांगे तो टाल-मटोल करता रहा। करीब 10 साल तक रुपए वापस देने का आश्वासन दिया और फिर धमकी देने लगा।
अशोक कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी जिसमें कहा कि उनके गांव के ही एक व्यक्ति उसके पास आया और कहा कि उसने एक कंपनी खोल रखी है। जो सरकार से पंजीकृत है। उसमें रुपए की एफडी करता है। एफडी पर बैंक से ज्यादा ब्याज देता है।
उसके बहकावे में आकर पीड़ित ने रुपए दे दिए। जिसके बाद 24 दिसंबर 2013 को 65 हजार 466 रुपए की राशि जमा करवाकर एफडी बनवाई। जिसकी परिपक्व तिथि 24 दिसंबर 2014 थी। वहीं परिपक्वता राशि 81 हजार 202 रुपए थी।
वहीं दूसरी एफडी 7 जुलाई 2014 को 9 लाख 40 हजार 912 रुपए की राशि जमा करवाय। 7 जुलाई 2015 को एफडी परिपक्वता होने पर 11 लाख 66 हजार 730 रुपए मिलने थे। वहीं तीसरी एफडी 7 नवंबर 2014 को 3 लाख रुपए जमा करवाए, जिसकी परिपक्वता तिथि 7 नवंबर 2015 को 3 लाख 72 हजार रुपए मिलने थे।
चौथी एफडी 17 जून 2014 को 1 लाख 24 हजार की करवाई। जिसकी 17 जून 2015 को परिपक्वता राशि 1 लाख 53 हजार 760 रुपए थी। पांचवीं एफडी 14 जनवरी 2015 को 2 लाख रुपए की करवाई, जो 14 जनवरी 2014 को परिपक्व होकर 2 लाख 48 लाख रुपए होने थे।
उसने कहा कि एफडी मैच्योर हुई तो उसने आरोपी से संपर्क किया और रुपए मांगे तो व टाल मटोल करने लगा। पैसे देने का आश्वासन देता, लेकिन 30 मई 2025 को रुपए देने से मना कर दिया। ऊपर से धमकी दी कि यदि पैसे मांगे तो जान से मार दूंगा। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। जुई कलां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।