{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Police Superintendent News: भिवानी के नए एसपी मयंक मिश्रा ने दी कड़ी चेतावनी, नशा तस्करी और भ्रष्टाचार पर रहेगा जीरो टॉलरेंस

2020 बैच के आईपीएस मयंक मिश्रा ने भिवानी एसपी का पदभार संभाला। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर रहेगा जीरो टॉलरेंस।
 

2020 बैच के IPS अधिकारी श्री मयंक मिश्रा ने संभाला जिला पुलिस भिवानी का कार्यभार, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता।

कानून व्यवस्था सुदृढ़ करना, महिला विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध की रोकथाम, नशा तस्करी एवं संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस तथा यातायात व्यवस्था में सुधार पर रहेगा विशेष फोकस

जिला भिवानी के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, IPS ने जिला पुलिस भिवानी के पुलिस अधीक्षक के पद का कार्यभार संभाल लिया है। श्री मयंक मिश्रा वर्ष 2020 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) पानीपत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पलवल तथा DCP बहादुरगढ़ के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, IPS का स्थानांतरण STF में हुआ है। उनके स्थान पर श्री मयंक मिश्रा, IPS को जिला भिवानी का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, IPS ने कहा कि जिला भिवानी में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, संगठित अपराध, अवैध हथियार, फिरौती, लूट, चोरी तथा अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों में पुलिस का भय तथा आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना जिला पुलिस का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

महिला एवं बच्चों की सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता

महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

साईबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में साईबर अपराध तेजी से बढ़ती चुनौती है। जिला पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साईबर अपराध के मामलों में अपराधियों तक पहुंचने, ठगी गई राशि को समय रहते फ्रीज करवाने तथा आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था में सुधार पर रहेगा फोकस

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना भी पुलिस अधीक्षक की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की पालना, अव्यवस्थित पार्किंग एवं जाम की समस्या के समाधान तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, IPS ने जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा पुलिस थानों एवं चौकियों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ प्रभावी पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और आमजन के विश्वास को और मजबूत करना जिला पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

आमजन से सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS ने आमजन से कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने साईबर अपराध से बचाव के लिए आमजन को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति

पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, IPS ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस भिवानी में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी शिकायत पर निष्पक्षता एवं प्राथमिकता के आधार पर जांच करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आमजन के साथ किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या भ्रष्ट आचरण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।