{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा का संदेश 

 

भिवानी।

ट्रैफिक पुलिस भिवानी, सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचार शिक्षा समिति द्वारा स्थानीय विवेकानंद हाई स्कूल की एनएसएस इकाई के सहयोग से सड़क सुरक्षा अभियान एवं हिट एंड रन कानून जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं व आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस अधिकारी संजय कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा के पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही हिट एंड रन कानून की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करना और पुलिस को तुरंत सूचना देना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सड़क सुरक्षा अभियान झज्जर के संयोजक बिजेंद्र सिंह व विद्यालय निदेशक सावित्री यादव ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की समझ विकसित करना बेहद जरूरी है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रख सकें। एनएसएस इकाई की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने सभी अतिथियों व वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने सड़क सुरक्षा कानूनों के पालन और नशा मुक्त समाज के संदेश के साथ सभी वक्ताओं को सम्मानित किया। भारद्वाज ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
मंच का संचालन मास्टर दयानंद ग्रेवाल ने कुशलता से किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक वर्ग, एनएसएस स्वयंसेवक एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।