{"vars":{"id": "123258:4912"}}

एकता पदयात्रा के माध्यम से दिया जाएगा देश की एकता और अखंडता में सरदार पटेल के योगदान का संदेश: डीसी

 

भिवानी।

डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे स्थानीय पंडित नेकी राम शर्मा लाइब्रेरी से एकता पद यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें प्रत्येक वर्ग के नागरिक व युवा शामिल होंगे।

एकता पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। पदयात्रा के दौरान लोगों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और आत्मनिर्भर भारत, नशा मुक्ति, स्वच्छता और स्वदेशी संकल्प बारे जागरूक किया जाएगा।
डीसी श्री गुप्ता वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हाल में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली पदयात्रा को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप रहे थे।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे। डीसी ने इस एकता पदयात्रा का सफल आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने विशेषकर यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि एकता पदयात्रा के रूट के अनुरूप यातायात को नियंत्रित किया जाए।
यह एकता पदयात्रा किरोड़ीमल पार्क होते हुए घंटाघर, हांसी गेट, रेस्ट हाउस, राजकीय महाविद्यालय के सामने से होते हुए गांव राजपुरा खरकड़ी में पहुंचेगी। एकता पद यात्रा में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी, भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ व बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि शामिल होंगे।
इस दौरान सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी अनूप कुमार, माई भारत के जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव, उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार, टीएम भरत पाल, भाजपा जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल व रेखा राघव, एडवोकेट राजबाला श्योराण, डीएसओ विद्यानंद के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।