भिवानी में गणतंत्र दिवस पर मंत्री गंगवा ने फहराया तिरंगा
भिवानी
स्थानीय भीम स्टेडियम में आज 77वां गणतंत्र दिवस समारोह भारी उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने स्टेडियम में विधिवत रूप से ध्वज फहराया।और मार्च पास्ट की सलामी ली। अब बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिजनों और युद्ध वीरांगनाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। मंत्री साथ ही, साल भर निष्ठा और लगन से कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान करेंगे।
विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जा रहे हैं। स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक पीटी (PT) प्रदर्शन और परेड की टुकड़ियों का शानदार मार्च पास्ट आकर्षण का केंद्र है।
समारोह के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भव्य झांकियां निकाली गईं, जिनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। भारी संख्या में यहां पर लोगों की भीड़ लगी है। गणतंत्र दिवस के इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में भारी संख्या में शहरवासियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।