{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल झाड़ियों में मिला नाबालिग लड़की का शव, सिर में चोट के निशान

 

करनाल जिले में बुधवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा मिला। मृतका की उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान करवाने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। डीएसपी का कहना है कि लड़की के सिर में चोट है। मौत की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

इंद्री थाना क्षेत्र के गढ़ी बीरबल-उमरपुर रोड पर सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े शव को देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका ने ऑरेंज कलर का सूट और काली पैंट पहनी हुई थी। नाक और मुंह से खून बह रहा था। एक आंख आधी खुली हुई थी जबकि दूसरी आंख सूजी हुई दिखाई दे रही थी। बाल बिखरे पड़े थे और चेहरा देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। शव देखकर हर कोई हैरान रह गया।

एफएसएल टीम मौके पर पहुंची, जुटाए अहम साक्ष्य

सूचना के बाद इंद्री पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी लड़की को पहचान नहीं पाया। अब मृतका की तस्वीरें आसपास के थानों में भेजी जा रही हैं, ताकि पहचान हो सके।

इंद्री थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध की गतिविधि सामने आ सके। साथ ही आसपास के इलाकों में दर्ज लापता लोगों की एफआईआर भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतका की पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

डीएसपी ने बताया कि लड़की ने काले रंग की पेंट और लाल रंग की टीशर्ट पर डाली हुई है। प्राथमिक जांच में लड़की की उम्र करीब 17 वर्ष प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के थानों में भी सूचना भेज दी गई है। फोटो सर्कुलेट कर दी गई है, ताकि इसकी पहचान हो सके। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।