{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Health and Diet Tips Haryana: जंक फूड छोड़ें और पौष्टिक आहार अपनाएं, भिवानी में सांसद ने की स्थानीय व्यापारियों से अपील

सांसद धर्मबीर सिंह ने भिवानी में जानकी बेकरी का किया उद्घाटन। स्वदेशी और मोटे अनाज से बने पौष्टिक उत्पादों को अपनाने पर दिया जोर।
 

स्वदेशी उत्पाद अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी है फायदेमंद : सांसद धर्मबीर सिंह 

सांसद धर्मबीर सिंह ने दिया स्वदेशी और पौष्टिक उत्पादों को अपनाने का संदेश : भिवानी में जानकी बेकरी का किया शुभारंभ

भिवानी, 02 सितंबर : स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और जन-स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने देशवासियों से दैनिक जीवन में स्वदेशी और पौष्टिक आहार अपनाने का आह्वान किया है। सांसद धर्मबीर सिंह स्थानीय कृष्णा कॉलोनी स्थित जानकी बेकरी के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे, जहां उन्होंने फीता काटकर बेकरी का औपचारिक शुभारंभ किया। यह जानकारी देते हुए समाजसेवी रमेश सैनी ने देते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर बेकरी संचालक ओमप्रकाश महता द्वारा सांसद का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद ने बेकरी के विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और गुणवत्तापूर्ण व स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ तैयार करने के प्रयास की सराहना की।

उद्घाटन के बाद उपस्थित जनसमूह और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित स्वदेशी चीजें न केवल हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत करती हैं, बल्कि हमारे पारंपरिक खान-पान और स्वास्थ्य से भी सीधे जुड़ी होती हैं। सांसद ने विशेष रूप से मोटे अनाजों से बने उत्पादों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोटे अनाजों से निर्मित बिस्किट और अन्य बेकरी उत्पाद मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं। ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और हमारी पारंपरिक आहार शैली का अहम हिस्सा रहे हैं। हमें बाजार के हानिकारक और प्रिजर्वेटिव युक्त खाद्य पदार्थों को छोडक़र स्वदेशी व पौष्टिक विकल्पों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

स्वास्थ्यवर्धक खान-पान को जन-आंदोलन बनाने की बात कहते हुए सांसद ने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से भी एक सार्थक अपील की। उन्होंने कहा कि विक्रेता और निर्माता केवल व्यापारिक लाभ तक सीमित न रहें, बल्कि वे ऐसे उत्पादों के निर्माण और बिक्री को बढ़ावा दें जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए अनुकूल और लाभकारी हों। उन्होंने उम्मीद जताई कि जानकी बेकरी जैसे संस्थान स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण व पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध कराकर समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर तरुण मेहता, भूषण मेहता, ओमप्रकाश मेहता, अंजलि, प्रियंका, लड्डू बसिया, प्रेम प्रकाश, विजय सिंहमार, रिंकू ख्यालीराम, सुनील सैनी, सुनील जांगड़ा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।