{"vars":{"id": "123258:4912"}}

नगरपालिका कर्मचारियों का हल्ला बोल, भूख हड़ताल शुरू

 

भिवानी :

प्रदेश की नगरपालिकाओं, परिषदों और नगर निगमों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 और 28 अप्रैल को प्रदेश भर में निकाय कार्यालयों के समक्ष दो दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी गई है यह कदम नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों के विरोध में उठाया गया है।

इसी कड़ी में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले संघ के प्रदेश सचिव पुरूषोत्तम दानव के नेतृत्व में स्थानीय नगर परिषद कार्यालय के समक्ष क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे। इस दौरान फायर विभाग के प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र सनंध, राज्य सचिव जयप्रकाश विशेष तौर पर पहुंचे तथा धरने को समर्थन दिया।
     इस मौके पर नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव पुरूषोत्तम दानव ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार और संघ के बीच कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन मानी गई मांगों को धरातल पर लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1997 से लेकर 2026 तक सफाई और सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती नहीं की गई है, जो सीधे तौर पर सामाजिक भेदभाव है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक हमारी 22 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं होता, यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने मांग करते हुएउ कहा कि दैनिक वेतन भोगी और एचकेआरएन कर्मचारियों के लिए 2 वर्ष की पॉलिसी बनाकर उन्हें पक्का किया जाए, समान काम-समान वेतन दिया जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्के कर्मचारियों की भांति वेतन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, और ग्रेच्युटी जैसे लाभ दिए जाएं, सफाई व सीवर कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये किया जाए और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार 2100 रुपये की बढ़ोतरी लागू हो, जोखिम भरा काम करने वाले ड्राइवरों, इलेक्ट्रीशियन और सफाईकर्मियों को 5 हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता मिले, पुरानी पेंशन योजना को बहाल बहाल किया जाए।
     उन्होंने कहा कि यदि सरकार अब भी नहीं चेती तो आंदोलन और उग्र होगा। जिसके बाद एक व दो मई पूरे प्रदेश में दो दिवसीय पूर्ण काम छोड़ हड़ताल की जाएगी। यदि 2 मई तक मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला ले सकता है। इस दौरान क्रमिक भूख हड़ताल पर पुरूषोत्तम दानव, रमेश कांडा, प्रीतम, राकेश, राजबीर, जोनी, कर्मफल, सुरेंद्र, बाला, मनीषा, मालती, भतेरी, प्रीतम, रवि बैठे। इस अवसर पर अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।