{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सरकार द्वारा निर्धारित पैमानों पर हो सरसों व गेहूं की खरीद: डीसी

 

भिवानी

डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में सरसों व गेहूं की खरीद को लेकर डीआरडीए सभागार में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की मंडियों में सरसों व गेहूं खरीद की तैयारियों की समीक्षा की गई।

 डीसी ने फसल खरीद को सुचारू रूप से करने के लिए जरूरी निर्देश दिए। डीसी गुप्ता ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 28 मार्च से 6200 रूपए एमएसपी पर सरसों की सरकारी खरीद शुरू होगी। इसी प्रकार से एक अप्रैल से 2585 रूपए एमएसपी पर गेहूं की खरीद शुरू होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए। किसानों के लिए पेयजल का प्रबंध हो। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार हो। किसानों को जागरूक करें कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं।
इस दौरान डीएमओ गगन जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरसों की खरीद हैफेड द्वारा की जाएगी तथा गेहूं की खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, वेयर हाउस और हैफेड द्वारा की जाएगी।

सरसों में आठ प्रतिशत से ज्यादा और गेहूं में 12 प्रतिशत से ज्यादा नमी नही होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, धनाना, तालू रोड़ के साथ बांडाहेडी, जींद-मुंढ़ाल रोड़ पर बांडाहेडी में, तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल और जुई मंडी में तथा मार्केट कमेटी रोहतक के अधीन आने वाली खरक कलां में गेहूं की खरीद की जाएगी।
इसी प्रकार से भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल, पाजू, जुई, कैरू और खरक कलां में सरसों की खरीद की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।