Namo Cricket League Bhiwani: नमो क्रिकेट लीग के चौथे दिन आरसीबी, विलेजर्स और हसान टीम रही विजयी, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
खेलेगा युवा, बढ़ेगा भारत : 56 से अधिक टीमें नशे के खिलाफ खेल के मैदान मे
नमो क्रिकेट लीग के चौथे दिन आरसीबी, विलेजर्स और हसान टीम रही विजयी
खेलों से आएगा अनुशासन और आत्मविश्वास, युवा ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं : एडीसी दीपक करवा
भिवानी, 22 सितंबर : भिवानी में आयोजित जिला स्तरीय पांच दिवसीय नमो क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का चौथा दिन रोमांचक और दर्शनीय मुकाबलों से भरपूर रहा। युवाओं को खेलों के साथ जोडक़र नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करने और उनमें अनुशासन तथा टीम भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय आरपीएस ग्राऊंड में आययोजित नमो क्रिकेट लीग में जिले भर की 56 से अधिक टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जहां युवा खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट बल्लेबाजी और गेंदबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
चौथे दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ भिवानी के अतिरिक्त उपायुक्त दीपक करवा ने किया। खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खेल ना केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का संचार भी करते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और रचनात्मक दिशा में लगानी चाहिए ताकि एक स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण हो सके।
वहीं नमो क्रिकेट लीग की इस राज्यव्यापी सोच पर प्रकाश डालते हुए टूर्नामेंट के कॉर्डिनेटर डा. मुरलीधर शास्त्री ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलेगा युवा, बढ़ेगा भारत के विजन का प्रतीक है। इसके माध्यम से युवाओं को मैदान से जोडक़र उनमें राष्ट्र प्रथम की भावना और सशक्त नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक कर खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता के चौथे दिन मैदान पर कई संघर्षपूर्ण और रोमांचक मैच देखने को मिले। पहले मुकाबले में आरसीबी ने ए आर एन की टीम को पराजित कर जीत हासिल की। इसके पश्चात विलेजर्स टीम ने गारणपुरा को हराकर प्रतियोगिता में बढ़त बनाई। दिन का सबसे आकर्षक मुकाबला विलेजर्स और राजकुमार 11 के बीच खेला गया। इस मैच में विलेजर्स टीम के खिलाड़ी विकास ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़े और अपनी टीम के लिए 115 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में राजकुमार 11 के बल्लेबाजों ने भी शानदार पलटवार किया और मात्र दो ओवरों में 6 छक्के लगाकर मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। अंतिम दो गेंदों पर 10 रनों की आवश्यकता थी, परंतु कड़ी टक्कर के बावजूद राजकुमार 11 की टीम 105 रनों पर सिमट गई और विलेजर्स ने यह मैच अपने नाम कर लिया। दिन के अंतिम मुकाबले में आरपीएस स्कूल और हसान की टीमों के बीच टक्कर हुई, जिसमें हसान की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 62 रनों से जीत दर्ज की।
इस अवसर पर टूर्नामेंट के कॉर्डिनेटर मुरलीधर शास्त्री, समाजसेवी श्याम सुंदर सनातनी, मुकेश रहेजा, समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, मदन शर्मा, सुबेसिंह, ऋषि कुमार शर्मा, ओपी निबिवाल, कोच श्रवण कुमार, राजेश कोच, अभिषेक तिवारी, प्रवीण गोयल, मदन गोपाल, नितेश रावत, कर्ण प्रताप, दिनेश सुई, रोहित सिंह, अंकित सांगवान, सुखविंदर दुहन, रमेश और अनूप कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।