CBLU में होगा राष्ट्रीय स्तर की महिला विद्यार्थी पार्लियामेंट का आयोजन
भिवानी ।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो दीप्ति धर्माणी के दिशा निर्देशन एवं कुलसचिव डॉ जितेंद्र भारद्वाज की गरिमामय उपस्थिति में 03 अप्रैल से 05 अप्रैल तक महिला विद्यार्थी पार्लियामेंट का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा में पहली बार चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की इस महिला यूथ पार्लियामेंट का आयोजन हम सबके लिए एक बड़ी उपलब्धि एवं गौरव की बात है।
यह विचार डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सुरेश मालिक ने चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के ओल्ड परिसर में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस तरह की महिला विद्यार्थी पार्लियामेंट का आयोजन बहुत ही महत्वपूर्ण एवं कारगर साबित होगा। इस आयोजन से महिला विद्यार्थियों को अपने कम्युनिकेशन स्किल्स को बढ़ाने के साथ ही राजनीति में आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे महिला विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति की झिझक खत्म करने का मौका मिलेगा।
प्रतिभागी महिला विद्यार्थियो के लिए राधा स्वामी सत्संग भवन में ठहरने की आवासीय सुविधा संत कंवर साहिब महाराज जी ने की है इसके लिए उनका विश्वविद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के तीन आयोजन उड़ीसा, गुजरात और मध्य प्रदेश में हो चुके हैं और यह चौथा आयोजन हरियाणा के सीबीएलयू में हो रहा है। कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ सोनल शेखावत ने जानकारी देते हुए कहा कि "विकसित भारत 2047 - नारी की भूमिका विषय पर इस महिला विद्यार्थी संसद में बतौर मुख्य अतिथि सूचना आयुक्त नीता खेड़ा एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्रीमती गीता भारती शिरकत करेंगी।
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज की चौथी राष्ट्रीय महिला विद्यार्थी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के नए परिसर में 03 अप्रैल को प्रातः 11 बजे से होगा। उन्होंने बताया कि इससे महिला विद्यार्थियों को संसदीय कार्य प्रणाली को जानने के साथ अपनी प्रतिभा को संवारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया की देश भर की विभिन्न 20 विश्विद्यालयों की टीमों की इसमें भाग लेने की एंट्री हो चुकी है।
इस अवसर पर पीओपी अजय मल्होत्रा ने बताया कि इस राष्ट्रीय महिला विद्यार्थी संसद का प्रमुख उद्देश्य युवा नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्य और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर डॉ स्नेहलता, जनसंपर्क सेल के कोऑर्डिनेटर ऋषि शर्मा,डॉ उमा शाह,वीरेंद्र आदि उपास्थित रहे।