{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Major Dhyan Chand Jayanti Bhiwani: भिवानी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर निकली साइकिल यात्रा, खिलाड़ियों और कोचों ने लिया हिस्सा

भिवानी में राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती पर साइकिल यात्रा निकाली गई। विधायक घनश्याम सर्राफ ने दी शुभकामनाएं।
 

पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेना भी जरूरी: विधायक घनश्याम सर्राफ 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने साइकिल यात्रा निकाल कर दिया खेल और फिटनेस का संदेश

भिवानी, 30 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में खेल विभाग द्वारा साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया।
 विधायक घनश्याम सर्राफ  ने साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव ने विधायक श्री सर्राफ और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। साइकिल यात्रा में भिवानी के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ साइकिल चलाकर आमजन को स्वस्थ जीवन, नियमित व्यायाम, शारीरिक फिटनेस और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया।

 

विधायक श्री सर्राफ ने अपना संदेश से देते हुए कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेना चाहिए। युवा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। खेलों से भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि सूबेदार मेजर सेल्वराज उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के खेलों के प्रति समर्पण एवं देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए खेलों में निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बास्केटबॉल कोच सुमित, हैंडबॉल कोच हरिस्वरूप, हॉकी कोच नीरज, एथलेटिक्स कोच देवेंद्र, कुश्ती कोच सुरेश, कुश्ती कोच हरेंद्र सहित अन्य सम्मानित खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।