जहरीले खानपान से बचने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा: धर्मबीर सिंह
भिवानी।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह वीरवार को अपने पैतृक गांव तालू में पहुुंचे। उन्होंने यहां पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नव निर्मित कमरे, दलमान ठोला चौपाल, गौशाला के मुख्य द्वार, गौशाला में अन्न भंडारण कक्ष का उद्घाटन किया और गौशाला की यज्ञशाला और शेड का शिलान्यास किया।
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में जहरीले खानपान से हम विभिन्न जानलेवा बीमारियों की जकड़ में आ रहे हैं। ऐसे में हमें प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा, जिसके लिए सरकार द्वारा दस हजार रुपए एकड़ प्रोत्साहन राशि देकर बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका बजट में भी प्रावधान किया गया है। प्राकृतिक खेती में देशी गाय बहुत ही सहायक है। उन्होंने खेतों में रासायनिक डीएपी और यूरिया की बजाय गाय के गोबर व गौमूत्र से बनी खाद का प्रयोग करने का आह्वान किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि यूरिया और डीएपी से जमीन जहरीली हो गई है। यहां तक कि जमीन बारिश का पानी भी नही पी रही है, जो जलभराव का मुख्य कारण है।
वहीं दूसरी ओर पानी भी दूषित हो गया है। इससे अन्न के साथ-साथ दूध भी शुद्ध नहीं रहा है। वर्तमान में हम जो भी खानपान करते हैं, वह हमारे शरीर के लिए बहुत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि पहला सुख निरोगी काया है, हमें अपने स्वास्थ्य को बचाने के लिए जमीन को जहरीली होने से बचाना होगा ताकि शुद्ध अन्न पैदा हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे गौशाला में गायों के लालन-पालन में सहयोग करें। बच्चों को अच्छे संस्कार दें और बचपन से मेहनत करने की प्रेरणा देें। उन्होंने कहा कि केवल लिखने से आदर्श गांव नहीं बनता बल्कि वहां अच्छे-अच्छे बदलाव के कार्य भी होने चाहिए ताकि वह गांवों के लिए एक उदाहरण बने।
उन्होंने कहा कि वीबीजी राम जी योजना के बजट को मनरेगा से तीन गुणा बढ़ा दिया गया है। उन्होंने पंचायत के प्रतिनिधियों से कहा कि वे इस योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों का प्रस्ताव बनाकर शीघ्र जिला प्रशासन के पास भेजें ताकि राशि मंजूर हो और गांव में और अधिक विकास कार्य हो सकें।
बाढ़ से प्रभावित फसलों के मुआवजे के लिए दिया है सरकार को प्रस्ताव
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि सरकार ओलावृष्टि और सूखा से प्रभावित का मुआवजा तो दे देती है, लेकिन अभी तक जलभराव से प्रभावित फसलों के मुआवजे का प्रावधान नही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास जलभराव से प्रभावित फसलों के लिए प्रस्ताव भेजा है। पूरी-पूरी उम्मीद है कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलेगी और किसानों को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलेगी।
लड़कियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रदान की जाएंगी डिजिटल सुविधाएं
सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने गांव तालू स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से बातचीत की और उच्च शिक्षा हासिल कर अच्छा मुकाम हासिल करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांव तालू और तोशाम में लड़कियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतू अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाओं से युक्त सेंटर की सुविधा प्रदान की जाएगी। उस सेंटर को किसी अन्य शहर के प्रमुख कोचिंग सेंटर से जोड़ा जाएगा, ताकि गांव के सेंटर में ही लड़कियां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें और उनका उज्ज्वल भविष्य हो।
बॉक्स
-स्कूल की दशा सुधारने व पानी की निकासी के लिए मौके पर ही अधिकारियों को दिए निर्देश
स्कूल में निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष स्कूल के बाहर आसपास क्षेत्र में पानी निकासी न होने और स्कूल के विभिन्न कमरों की जर्जर हालत होने की समस्या रखी। इस पर सांसद ने उसी समय सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ओपी बिश्नोई को पानी निकासी करवाने और समग्र शिक्षा से एसडीओ को स्कूल की दशा सुधारने के निर्देश दिए।
सांसद ने गांव में शहीद विरेंद्र सिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस दौरान बीडीपीओ नवीन कुमार, स्कूल प्राचार्या सरोज सिवाच, सरपंच प्रतिनिधि सुरेश नम्बरदार, गौशाला प्रधान रामफल, मास्टर जयप्रकाश मास्टर, पूर्व सरपंच राजवीर, पूर्व सरपंच बलवान, श्रीनिवास शर्मा, राजा पांचाल, रमेश ठेकेदार, दलबीर धनखड़, जगदीश तायल, जोगेन्द्र सिंह, विजय वाल्मीकि, धर्मपाल शर्मा, करतार सिंह, रमेश फोरमेन, अनिल ठेकेदार, महेन्द्र जांगड़ा, राममेहर शर्मा, अजमेर पंघाल, राजकुमार पंघाल, सतीश कुमार, साधुराम, संजय सिंह, सतेन्द्र शर्मा, डॉ जसवंत व बिजेन्द्र पंघाल सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।