{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में 15 तक बारिश की संभावना नहीं

 

मौसम विभाग के अनुसार भिवानी जिले में आगामी 4 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 13 सितंबर से लेकर 16 सितंबर तक जिले में कहीं भी बरसात नहीं होगी। बरसात का जिले में कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि कुछ समय के लिए हल्के बादल छा सकते हैं।

बता दें कि पिछले दिनों हुई बरसात का असर भिवानी पर पड़ा है। बरसात व ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण भिवानी जिले के 30 से अधिक गांवों में जलभराव है।

जिसमें गांव तालू, धनाना, प्रेम नगर, तिगड़ाना, जताई, मुंढाल, खरक, कलिंगा, चांग, पुर, सैय, सिवाड़ा, कुंगड़, भैणी, बडेसरा, मंढाणा, पपोसा, मिलकपुर, सुई, बलियाली, लोहारी जाटू, अलखपुरा, सज्जनपुर, दांग कलां और दांग खुर्द, बीरण, ढाणी बीरण व सागवान आदि शामिल हैं।

वहीं जिन गांवों में जलभराव के कारण फसलें खराब हैं, वे 15 सितंबर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

जिलेभर के विभिन्न गांवों में हुए जलभराव को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है। एक तरफ जहां जलभराव के बाद बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। वहीं मच्छर भी पैदा हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जाकर लोगों को जागरूक कर रही है।

साथ ही जलभराव में मच्छर पैदा ना हो इसके लिए वहां गंबूजिया मछली छोड़ी गई और काला तेल और डीजल डाला गया, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके। इसके साथ ही विकास एवं पंचायत विभाग की मदद से गांवों में फॉगिंग अभियान चलाया गया।