समस्याओं के समाधान में खानापूर्ति सहन नही: डीसी
भिवानी
डीसी साहिल गुप्ता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में अधिकारियों के साथ समाधान शिविरों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार के आदेशानुसार प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुन उनका समाधान करना होता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान में खानापूर्ति सहन नहीं की जाएगी। इसके साथ-साथ अधिकारी समाधान शिविरों में आई शिकायतों का समाधान कर उसकी एटीआर पोर्टल पर स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से अपडेट करें ताकि समस्या मुख्यालय स्तर की समीक्षा में रिओपन ना हो।
डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं चंडीगढ़ से समाधान शिविरों की समीक्षा करते हैं, ऐसे में समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करें। उन्होंने कहा कि समस्या रिओपन होती है तो उसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
इसके साथ उन्होंने कहा कि लंबित समस्याओं को अधिकारी प्राथमिकता से लें। इस दौरान सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी गुलजार मलिक, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, डीएफओ प्रदीप कौशिक, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, सीएमजीजीए ऋषभ रंजन सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।