{"vars":{"id": "123258:4912"}}

CBLU Bhiwani LPU Winner News 2026: नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन: एलपीयू फगवाड़ा विजेता, सीबीएलयू भिवानी रनर अप

बहल में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का समापन हुआ। एलपीयू प्रथम व सीबीएलयू द्वितीय रहीं। कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने सम्मानित किया।
 

नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का हुआ भव्य समापन, कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विजेता टीमों को किया सम्मानित

नॉर्थ जोन हैंडबॉल महिला चैंपियनशिप में प्रथम स्थान पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा, द्वितीय स्थान (रनर अप) सीबीएलयू भिवानी, तृतीय स्थान सीआरएसयू जींद,चतुर्थ स्थान पर पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला टीमें विजेता रहीं

भिवानी/बहल, 21 नवंबर। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी एवं एआईयू के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसीएम कॉलेज, बहल में पिछले 4 दिनों से चल रही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कुलगुरु ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास करता है और बेटियां आज खेल के हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्येश्य बेहतर प्रशिक्षण एवं उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है। उन्होंने विजेता टीमों के साथ सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई दी और कहा कि खेल के हार जीत चलती रहती है जो टीम जीत नहीं सकीं, वो निराश होने की बजाय अपनी भविष्य की बड़ी जीत के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए डॉ सुरेश मलिक निदेशक स्पोर्ट्स विभाग, समस्त आयोजन समिति एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रो एसके सिन्हा निदेशक बीआरसीएम संस्थान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि एआईयू पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर हमें राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप के आयोजन का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इन विजेता चारों टीमों में से ही राष्ट्रीय टीम बनेगी जो विश्व स्तर पर भारत को प्रतिनिधित्व करेंगे । युवा निराशा,व्याधियों और अवसाद से बाहर निकलें। हमने स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर का प्रस्ताव सरकार को भेजा है उसके मंजूर होने की पूर्ण आशा जताई। उन्होंने खिलाड़ियों से सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्मशील बनने का आह्वान किया । 

इस अवसर पर बीआरसीएम निदेशक प्रो. डॉ. एस.के. सिन्हा, एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. हरीश कुमार, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी परमिंदर सिंह,वजीर मान,प्राचार्य डॉ अनुज शर्मा, प्राचार्य डॉ सुनील शुक्ला  एवं आयोजन सचिव डॉ. सुरेश कुमार मलिक विशेष रूप से मौजूद रहे।

बीआरसीएम संस्थान निदेशक प्रो. एसके सिन्हा ने सभी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बड़े गर्व एवं हर्ष कि बात है कि विश्वविद्यालय ने हमें इस बड़ी प्रतियोगिता की मेजबानी का का अवसर प्रदान किया इसके लिए हम विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलो का महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सभी टीमों ने अनुशासन में रहकर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया है। एआईयू पर्यवेक्षक डॉ हरीश कुमार ने कहा कि वे देश भर में बतौर पर्यवेक्षक विभिन्न राज्यों में जाते रहते हैं लेकिन यहां की सभी व्यवस्थाएं बहुत बेहतर मिली हैं इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं मेजबान बीआरसीएम कॉलेज बधाई के पात्र हैं।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो सुनीता भरतवाल ने सभी विजेता टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी श्री परमिंदर सिंह ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए प्रोत्साहित किया।

डॉ. सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि नॉर्थ जोन की प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय विजेता टीमों सहित लीग चरण के मुकाबलों के बाद ऑल इंडिया के लिए क्वालीफाई करने वाली चारों टीमों   चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी,चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद,लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा,पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। चारों टीमें अब ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष रूप से प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया है। उन्होंने बीआरसीएम कॉलेज की बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव डॉ सुरेश मलिक ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, टीम प्रबंधकों खिलाड़ियों और मीडिया का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स काउंसिल उपाध्यक्ष डॉ वजीर सिंह, बी आर सी एम रजिस्ट्रार श्री पवन पंघाल,डॉ लखा सिंह, सन्नी बुद्धि राजा, कोच मंजीत ढांडा, सन्नी बुधवार, ऋषि शर्मा कॉर्डिनेटर पीआर सेल, राकेश यादव प्रोग्रामर,अंजू , रजत,संजू मनीष अमित सहित अनेक  कर्मचारी प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।