मोदी बोले-दुनिया की नजरें ही नहीं, भरोसा भी भारत पर
PM मोदी शुक्रवार को 2 दिन के जापान दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने टोक्यो में भारत-जापान की जॉइंट इकोनॉमिक फोरम की बैठक की संबोधित किया।
अपने भाषण में उन्होंने भारत को निवेश के लिए सबसे बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की नजरें ही नहीं, भरोसा भी भारत पर है।
मोदी ने कहा कि जापान टेक्नोलॉजी में पावरहाउस है, तो वहीं भारत टैलेंट का पावरहाउस है। टेक्नोलॉजी और टैलेंट ही नेतृत्व कर सकते हैं। मोदी ने कहा भारत और जापान में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।
मोदी से पहले जापान के PM इशिबा ने कहा कि भारतीय टेलेंट और जापानी तकनीक एक-दूसरे के लिए बने है।
बतौर प्रधानमंत्री यह मोदी की 8वीं जापान यात्रा है। स्थानीय कलाकारों ने टोक्यो के होटल में उनका गायत्री मंत्र से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।
अब से थोड़ी देर में वे जापान के पीएम इशिबा से मुलाकात करेंगे। PM मोदी यहां 15वें भारत-जापान वार्षिक समिट में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।
उन्होंने रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर लिखा कि इस दौरे का मकसद भारत और जापान के बीच खास रणनीतिक और ग्लोबल साझेदारी को मजबूत करना है। जापान के बाद मोदी 31 अगस्त को चीन पहुंचेंगे।
मोदी आज PM इशिबा के साथ वार्षिक सम्मेलन के दौरान सिक्योरिटी, डिफेंस, ट्रेड और टेक्नोलॉजी जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों डिनर करेंगे।
मोदी 30 अगस्त को जापान के मियागी में उस फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे, जहां बुलेट ट्रेन के कोच तैयार होते हैं।
जापानी मीडिया के मुताबिक इस यात्रा के दौरान जापान, भारत में 10 ट्रिलियन येन, यानी 5.93 लाख करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा करने वाला है।
ट्रम्प के भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले के बाद मोदी का यह दौरा भारत की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।