{"vars":{"id": "123258:4912"}}

एनएसयूआई ने विद्यार्थियों के तीन मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को घेरा 

 

भिवानी :

स्थानीय चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एनएसयूआई ने विद्यार्थियों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मंजीत लांगयान के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया तथा अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा।

यह विरोध विश्वविद्यालय प्रशासन के उदासीन रवैये के खिलाफ था, जिसके बाद प्रशासन ने कुछ मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन के उपरांत एनएसयूआई के पदाधिकारियों व विद्यार्थियों ने सीबीएलयू की कुलपति के नाम मांगपत्र भी सौंपा तथा विद्यार्थी हित की सभी मांगें जल्द से जल्द पूरी करने की मांग उठाई। कुलपति की तरफ परीक्षा नियंत्रक ने मांगपत्र सौंपा।
      इस मौके पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांगयान व छात्र नेता सुमित कुमार ने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से एनएसयूआई 6 हजार रूपये की भारी-भरकम फीस का विरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि सीबीएलयू में अधिकांश छात्र किसान, मजदूर और निम्न वर्ग से आते हैं।

ऐसे में इतनी ज्यादा फीस उनके लिए बहुत बड़ा आर्थिक बोझ है। ऐसे में एनएसयूआई मांग करती है कि या तो फीस कम की जाए या पूरी तरह से माफ कर दी जाए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा स्पेशल चांस के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को कम से कम 7 अगस्त तक बढ़ाया जाने की मांग भी उन्होंने की, क्योंकि बहुत से विद्यार्थी सीईटी व एचटेट परीक्षा की वजह से या अन्य तकनीकी कारणों से अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने कहा कि जो भी परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं किए गए हैं उन परिणामों को तुरंत जारी करने की मांग की, जिनके रिज़ल्ट एक या दो पेपर की वजह से रूके हुए हैं। परिणाम में देरी से छात्रों को आगे की पढ़ाई और नौकरियों के लिए आवेदन करने में कठिनाई हो रही है।
     एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनजीत लांग्यान व छात्र नेता सुमित कुमार ने कहा कि प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने मौखिक रूप से स्पेशल चांस की अंतिम तिथि को 2 दिनों में बढ़ाए जाने, 6 हजार रूपये की फीस पर विचार किए जाने तथा लंबित परिणामों को जल्द से जल्द जारी करने का प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान एनएसयूआई छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में  इन तीनों मुद्दों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो छात्र सडक़ों पर उतरेंगे और एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
      इस अवसर पर विजय मंढ़ाना, दीपक गुलिया, वर्षा, साक्षी, पूजा सैन, मोनिका, संजना, मनीषा, पूजा, कविता, सविता, सुनीता, रुचिका, कविता, संजना सहित अन्य एनएसयूआई पदाधिकारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।