नूंह: गैस सिलेंडर फटने से गुब्बारे वाले की मौत, 4 बच्चे गंभीर घायल
नूंह : हरियाणा के नूंह जिले के गांव जमालगढ़ में गुरुवार दोपहर हाइड्रोजन गैस से गुब्बारे भरने के दौरान सिलेंडर की टंकी फटने से एक गुब्बारा विक्रेता की मौत हो गई, जबकि करीब चार बच्चे घायल हो गए हैं. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
गुब्बारे बेचने वाले की मौत : जानकारी के अनुसार, मामलिका निवासी 44 वर्षीय मुस्ताक पुत्र फज़रू गांव-गांव घूमकर बाइक पर हाइड्रोजन गैस का सिलेंडर लगाकर गुब्बारे बेचने का काम करता था. गुरुवार दोपहर वो जमालगढ़ गांव में फेरी लगाकर गुब्बारे बेच रहा था. इसी दौरान गुब्बारे में गैस भरते समय अचानक सिलेंडर की टंकी जोरदार धमाके के साथ फट गई. विस्फोट इतना भीषण था कि गैस सिलेंडर की टंकी करीब 300 मीटर दूर जाकर गिरी. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े. हादसे में मुस्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वहां मौजूद तीन बच्चों को भी चोटें आईं. घायलों को तत्काल डायल-112 पुलिस वाहन की सहायता से सरकारी अस्पताल पुनहाना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुस्ताक को मृत घोषित कर दिया.
हादसे में 4 बच्चे घायल : घायलों में गुलफाम पुत्र दिलशाद उम्र 3 वर्ष , इम्तियाज पुत्र जेकम उम्र 8 वर्ष , जोया जेकम उम्र चार वर्ष निवासी जमालगढ़ और मुज्जी पुत्र साजिद निवासी बंधोली उम्र 4 वर्ष घायल हैं. गुलफाम नाम के बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया है. मौके पर पुलिस बल तैनात है. पुलिस का कहना है कि बम निरोधक एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के पहुंचने के बाद विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूंह स्थित अल आफिया अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी हादसे से स्तब्ध हैं.