अधिकारी अधिक समय से लंबित समस्याओं का एक सप्ताह में समाधान करें : एडीसी
भिवानी।
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविर की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक समय से लंबित समस्याओं का एक सप्ताह के अंदर-अंदर समाधान करें।
एडीसी करवा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ एटीआर को सही ढंग से पोर्टल पर अपलोड करें। एडीसी ने विशेषकर एचएसवीपी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व कृषि विभाग को निर्देश दिए कि इन विभागों के पास अत्यधिक शिकायतें लंबित हैं, इसलिए शीघ्र करके इन शिकायतों को निपटाएं, नही तो विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित केसों में नियमानुसार जल्द समाधान हो सकता है तो उसका त्वरित समाधान करें, अगर जिला स्तर पर समाधान संभव नही है तो ऐसी शिकायतों की एटीआर पूर्ण रूप से भरकर मुख्यालय को भेजें। ऐसी शिकायतों को अपने पास लंबित ना रखें।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि बिजली-पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाई जा सके और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
वहीं बैठक के दौरान चंडीगढ़ मुख्यालय से अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव रंजन ने भी वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्यधिक समय से लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निपटारा तय समय सीमा में करते हुए उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) नए निर्धारित प्रारूप में पोर्टल पर अपलोड करें। समाधान शिविर में जिस विभाग से संबंधित शिकायतें आती हैं, तो उस विभाग का विभागाध्यक्ष रिपोर्ट के साथ बैठक में जरूरी मौजूद रहे।
इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी गुलजार मलिक, डीएसपी महेश कुमार, डीपीओ वैशाली, डीआईओ अमित लांबा, डीडीए डॉ. विनोद फोगाट, एएलडीएम राजवंती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।