समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी धरातल पर करें कार्य : डीसी
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविर आयोजित हुआ। समाधान शिविर में डीसी ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के गंभीरता के साथ कार्य करें।
नागरिकों की बिजली, पानी और सीवरेज आदि मूलभूत संबंधित समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी धरातल पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित होते हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों की समस्याएं सुन उनका समाधान करना होता है।
ये समाधान शिविर नागरिकों के लिए कारगर साबित हो रहे हैं। समाधान शिविर में डीसी गुप्ता के समक्ष सुनील वर्मा नंबरदार ने फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाने, पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने ग्रिल लगवाने व पंडित नेकीराम लाइब्रेरी सहित शहर में सफाई दुरुस्त करवाने, गांव निमडीवाली निवासी ओमप्रकाश ने ट्यूूबवैल कनैक्शन दिलवाने, अनुराग ने बाग कोठी की गली नम्बर दो से टूटे हुए पोल हटवाने व सीवरेज का ढक्कन लगवाने, रूपा-चंपा वाली गली में सीवरेज ओवरफ्लो व बिजली की तारों को हटवाने की समस्या रखी।
इसी प्रकार से सरल निवासी उमेद, आजाद व चंद्रा ने बंद बुढ़ापा पेंशन दिलवाने, ढ़ाणा नरसान निवासी राजेन्द्र ने बीपीएल कार्ड बनवाने, बजीणा निवासी सूरजभान ने जमीन की पैमाइश के बाद की नकल दिलवाने, बापोड़ा निवासी नरेश पाल ने रजिस्ट्री में नाम ठीक करवाने, पार्षद विनोद ने हनुमान गेट चौक पर लीकेज पेयजल पाईप लाईन के मैनहॉल को दुरूस्त करवाने व बंसीलाल पार्क में झूले व लाईट ठीक करवाने, पार्षद अंकुर ने आईएफएसई कोड बदलने पर रूकी हुई बुढ़ापा पेंशन धारियों को बकाया पेंशन दिलवाने तथा सुल्तान, रामचंद्र, प्रमिला व भूपेंद्र ने पीपीपी से संबंधित समस्या रखी।
डीसी गुप्ता ने सभी समस्याओं को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार,डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीपीओ वैशाली, टीएम भरतपाल, नप ईओ राजाराम, डॉ. राजेश ग्रेवाल सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्य सुनील नम्बरदार, केके ग्रोवर, अनिल सोलंकी, ज्ञानचंद गुलाटी व नरेंद्र आदि उपस्थित रहें।