डॉग डिलीवरी के नाम पर ₹ 80,000 की ऑनलाइन ठगी, आरोपी गिरफ्तार
थाना साईबर क्राइम भिवानी पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से पेट डॉग की ऑनलाइन डिलीवरी के नाम पर ₹ 80,000 की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार द्वारा जिला पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार बनाकर उनकी मेहनत की कमाई हड़पने वाले अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में थाना साइबर क्राइम भिवानी द्वारा यह कार्रवाई की गई।
इस संबंध में यशेन्द्र निवासी भिवानी ने थाना साईबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 14.01.2026 को वह फेसबुक पर पैट डॉग खरीदने संबंधी विज्ञापन देख रहा था।
उक्त विज्ञापन के नीचे एक मोबाइल नंबर दिया गया था। शिकायतकर्ता द्वारा संपर्क करने पर आरोपियों ने पैट डॉग की कैश ऑन डिलीवरी के माध्यम से सप्लाई करने की बात कही और विभिन्न चार्ज के नाम पर उससे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए।
आरोपियों द्वारा अलग-अलग बहानों से शिकायतकर्ता से कुल ₹ 80,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए, लेकिन इसके बावजूद न तो पैट डॉग की डिलीवरी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए। इस प्रकार शिकायतकर्ता के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान दिनांक 22.01.2026 को थाना साइबर क्राइम भिवानी के मुख्य सिपाही रफीक द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पलवल से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकिल पुत्र शाहिद निवासी मलूका, थाना उटावड़, जिला पलवल के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि धोखाधड़ी की राशि उसके बैंक खाते में आई थी, जिसमें से उसने 40 प्रतिशत राशि अपने पास रखी तथा शेष राशि अन्य साथियों को दे दी। गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।