{"vars":{"id": "123258:4912"}}

उमरावत में खुले मैनहोल बने हादसों का कारण

 

भिवानी।

जिले के गांव उमरावत में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए गए मैनहोल अब ग्रामीणों के लिए खुला खतरा बन चुके हैं। मुख्य सडक़ से लेकर जलघर तक लगभग 5 से 7 मैनहोल बने हुए हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से अधिकांश बिना स्लैब या ढक्कन के खुले पड़े हैं और यह रास्ता आगे सांगा कायला बडाला होते हुए रानिला, अचीना ताल व दादरी के रास्ते पर जा मिलता है।

वही एक रास्ता धारेडू धाम की तरफ जाकर सावड हिंडोल की जाता है इसलिए  यहां पर राहगिरों का आवागमन भी ज्यादा रहता है।
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, जल्द समाधान की मांग
इसी समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गांव में एकजुट होकर विभाग व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मैनहोल ढक्कन लगाने का काम शुरू नहीं किया गया वे जल्द ही सख्त कदम उठाने पर मजबूर होंगे।
आवागमन पर मंडरा रहा बड़ा खतरा
विजय कुमार, राज कुमार, ओम प्रकाश, काला, अशोक, नरेश कुमार, संदीप आदि ग्रामीणों ने  कहा कि सडक़ किनारे खुले पड़े ये गहरे मैनहोल व सडक़ किनारे पर 3 से 4 फुट बना गहरा गड्ढा किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकते हैं। कई बार तो आवारा पशु भी इन गड्ढों में गिर चुके हैं, जिन्हें बाहर निकालने में ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय निवासी कुलदीप शर्मा ने बताया यह समस्या पिछले कई महीनों से है, लेकिन विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसी तरह, एक अन्य ग्रामीण सुभाष ने कहा कि जहां ढक्कन लगे भी हैं, वे आधे टूटे पड़े हैं। कुछ मैनहोल तो 1-2 फीट जमीन से ऊपर स्लैब डालकर बंद किए गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा रहता है।
विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि मैनहोल की यह स्थिति जन स्वास्थ्य विभाग की खुली लापरवाही और घटिया कार्यप्रणाली को दर्शाती है। कई बार शिकायत के बावजूद आज तक न तो ढक्कन लगाए गए और न ही टूटे ढक्कनों की मरम्मत की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में काम किया गया और विभाग ने भी मौके पर किसी प्रकार की तकनीकी जांच नहीं की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी 5 से 7 मैनहोल पर अच्छी क्वालिटी के ढक्कन लगाए जाएं टूटे व उभरे हुए स्लैब तुरंत हटाए जाएँ भविष्य में ऐसी लापरवाही पर विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।