{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Police Action: एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे उड़ाने वाले दो आरोपी अरेस्ट, हिसार और भिवानी से है कनेक्शन

पंचकूला में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 70 एटीएम कार्ड और पीओएस मशीन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पंचकूला। जिला पंचकूला पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो एटीएम से पैसे निकालने आने वाले भोले-भाले बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को अपना आसान शिकार बनाता था। साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 70 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, एक पीओएस (POS) मशीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी हरियाणा के हिसार और भिवानी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

🕵️‍♂️ एटीएम कार्ड बदलकर करते थे खेल, बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी एटीएम बूथ के आसपास रहकर उन लोगों की ताक में रहते थे जिन्हें पैसे निकालने में मदद की जरूरत होती थी या जो कम पढ़े-लिखे होते थे। आरोपी धोखे से उनका एटीएम पिन देख लेते थे और फिर चालाकी से उनके असली कार्ड की जगह उन्हें मिलता-जुलता दूसरा पुराना कार्ड थमा देते थे। इसके बाद वे पीड़ित के असली कार्ड का इस्तेमाल करके अलग-अलग एटीएम से नकदी निकाल लेते थे। इसके अलावा, एटीएम मशीन में छूटे हुए कार्डों और पीओएस मशीन के जरिए भी खातों से रकम साफ करने का इनका पुराना तरीका था। डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।