{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Panchkula Police Advisory: सेक्टर-5 दशहरा ग्राउंड पहुंचे डीसीपी, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, जानें रूट और ट्रैफिक नियम

पंचकूला में दशहरा पर्व को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम। सेक्टर-5 ग्राउंड में 625 पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक एडवाइजरी और पार्किंग गाइडलाइन जारी।

 

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशों के तहत शहरभर में पुलिस बल की तैनाती, विशेष नाकाबंदी, गश्त और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पंचकूला में कुल 625 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही चार एसीपी स्तर के अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

🚗 विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी: दोपहर 2 से रात 8 बजे तक रहेगा रूट डायवर्जन, निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन

त्योहार के दौरान सुगम यातायात बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से शालीमार ग्राउंड तक का मार्ग एकतरफा रहेगा और शालीमार चौक से सेक्टर-8/9 की स्लिप रोड बंद रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल सेक्टर-5, 8 और 9 स्थित शोरूम पार्किंग या धरनास्थल जैसे निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें। शालीमार ग्राउंड में प्रवेश के लिए होटल 'द कोव' के सामने से पासधारकों को एंट्री दी जाएगी, जबकि अन्य गेट आमजन के लिए खुले रहेंगे। पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।