{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पंडित सीताराम शास्त्री स्कूल छात्राएं बनी खेल नगरी भिवानी का गौरव

 

भिवानी :

शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में भी भिवानी का नाम राष्ट्रीय पटल पर चमकाने वाली स्थानीय पंडित सीताराम शास्त्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तीन होनहार छात्राओं भूमिका, भावना और निहारिका के सम्मान में शनिवार को शहर में एक भव्य विजयी परेड निकाली गई।

स्थानीय पंडित सीताराम शास्त्री गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इन मेधावी खिलाडिय़ों ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप्स में क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की प्राचार्या सोनिया कौशिक के नेतृत्व में तीनों पदक विजेता छात्राओं को खुली जीप में बिठाकर यह शानदार परेड निकाली गई। छात्राओं का उत्साह और शहरवासियों का जोश देखने लायक था।

विजयी यात्रा विद्यालय से शुरू हुई और रोहतक गेट से होते हुए वापस विद्यालय में ही संपन्न हुई, जहां लोगों ने इन खेल नगरी की बेटियों का ज़ोरदार स्वागत किया। प्राचार्या सोनिया कौशिक ने पदक विजेता छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हाल ही में राजस्थान के गंगानगर में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में छात्रा भूमिका ने गोल्ड मैडल जीतकर सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की।

वही इससे पहले छात्रा भावना ने रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल हासिल किया था, जबकि निहारिका ने कुरुक्षेत्र में हुई राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। प्राचार्या सोनिया कौशिक ने कहा कि खेल नगरी भिवानी की बेटियां शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी जिला व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि पदक विजेता बेटियों की यह विजयी परेड निकालने का उद्देश्य न सिर्फ उनकी अथक मेहनत और शानदार प्रदर्शन को सम्मानित करना है, बल्कि शहर की अन्य छात्राओं को भी खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। यह सम्मान समारोह एक संदेश देता है कि कड़ी मेहनत और लगन से हर लक्ष्य को पाया जा सकता है।

इस अवसर पर संस्था के प्रधान डा. शिव शंकर भारद्वाज, उपप्रधान एसएस वशिष्ठ, सचिव डा. रविकांत भीष्म, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, जनरल एडमिनिस्ट्रेटर श्रीभगवान वशिष्ठ, एसटेट मैनेजर भीम सौपर्णा, फाईनेंस एडवाईजर ऋषिकेश भारद्वाज सहित समस्त स्कूल स्टाफ सदस्यों ने आर्शीवाद दिया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।