Rajesh Muni Maharaj Mahamahotsav: पानीपत में 2500वें अभिग्रह महामहोत्सव का आयोजन, संतों के विचारों से गूंजा सेक्टर-25
पानीपत में डॉ. राजेश मुनि महाराज के 2500वें अभिग्रह महामहोत्सव में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शिरकत की।
मुनियों का आचरण समाज को दिखाता है सही मार्ग : डॉ. अर्चना गुप्ता
: दृढ़ संकल्प, धैर्य और आस्था का आध्यात्मिक जीवन में विशेष महत्व : विपुल गोयल
: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने जैन मुनि के तप, त्याग और संयम को किया नमन
पानीपत, 9 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जैन संतों का तप, त्याग, संयम और अनुशासित जीवन समाज को सदैव सही मार्ग दिखाता रहा है। जैन समाज धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ मानव सेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। कोविड काल में भी जैन समाज ने सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संतों की शिक्षाएं व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देती हैं।
शुक्रवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और विधायक प्रमोद विज ने सेक्टर-25 में श्री एस.एस. जैन सभा गांधी मंडी द्वारा आयोजित डॉ. राजेश मुनि महाराज के 2500वें अभिग्रह महामहोत्सव में शिरकत की। इस अवसर पर सभी ने श्रद्धेय मुनि श्री के चरणों में नमन कर उनके तप, त्याग, संयम और समाज कल्याण के प्रयासों की सराहना की।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने परम श्रद्धेय राजेश मुनि जी के चरणों में शत-शत प्रणाम करते हुए भव्य आयोजन के लिए जैन समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजेश मुनि जी ने 25 हजार युवाओं से नशा छोड़ने के संकल्प पत्र भरवाकर समाज को नशामुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा दी है। उनका यह प्रयास युवा पीढ़ी को सकारात्मक और संस्कारवान जीवन की ओर अग्रसर करने वाला है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जैन मुनि सीमित संसाधनों में रहकर जिस अनुशासन, आत्मसंयम और त्याग का पालन करते हैं, वह पूरे समाज के लिए अनुकरणीय है। प्रत्येक व्यक्ति को संतों की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करते हुए धार्मिक मूल्यों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से जैन समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक आवश्यक बैठक और व्यस्त कार्यक्रम के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने इस पावन आयोजन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा है। विपुल गोयल ने भगवान महावीर स्वामी और चंदनबाला के प्रसंग का उल्लेख करते हुए अभिग्रह के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभिग्रह केवल संकल्प लेना नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति, धैर्य, आस्था और संयम के साथ उस संकल्प को पूर्ण करने की साधना है। भगवान महावीर स्वामी का जीवन हमें सिखाता है कि अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प से कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है।
विपुल गोयल ने डॉ. राजेश मुनि जी के 2500वें अभिग्रह महामहोत्सव को जैन समाज के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मुनि श्री की तपस्या, पदयात्राएं और त्यागपूर्ण जीवन समाज को धर्म, अनुशासन, करुणा और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, भारत विकास परिषद से जुड़े वरिष्ठ नेता सुरेश जैन, मेयर कोमल सैनी, राजेश गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, जगदीश जैन, विजय जैन, महाबीर प्रसाद जैन, राजपाल जैन, डॉ. ईश्वर जैन, वीरेंद्र जैन, भावना जैन सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।