Anganwadi Workers Honoured: पोषण माह के तहत आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
तोशाम के गांव पटौदी कलां में आंगन मिलन उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
आंगन मिलन उत्सव कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ता सम्मानित
बच्चों के बेहतर भविष्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण: नायब तहसीलदार अशोक कुमार
पोषण माह के तहत गांव पटौदी कलां में आंगन मिलन उत्सव कार्यक्रम का आयोजन
तोशाम, 30 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के तहत गांव पटौदी कलां में आंगन मिलन उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। नायब तहसीलदार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस दौरान पौधा लगाकर पर्यावरण का संदेश दिया गया। सुपरवाइजर पंकज शर्मा ने सभी का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव बचपन में ही तैयार होती है। इसलिए बच्चों के भोजन में पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों को बताया कि बच्चों को उम्र के अनुसार संतुलित आहार उपलब्ध करवाना चाहिए और भोजन में विभिन्न आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करना चाहिए। बच्चों के भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता का भी ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने माताओं से बच्चों की दैनिक खानपान की आदतों पर नजर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में महिलाओं को यह भी समझाया गया कि केवल पेट भरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों के विकास के लिए ऐसा भोजन आवश्यक है, जिससे उन्हें शरीर की जरूरत के अनुसार पोषण मिल सके। बच्चों की नियमित दिनचर्या, खानपान और शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। नायब तहसीलदार ने आंगन मिलन उत्सव के दौरान बच्चों की वृद्धि एवं विकास को लेकर विशेष चर्चा की।
सुपरवाइजर पंकज शर्मा ने बताया कि इस मौके पर अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजबाला, कलावती, मंजू, निर्मला के अलावा प्रमिला बाला, सुशीला, मीरा, रीना, रीतू, पिंकी, सरला आदि महिलाएं उपस्थित रही।